लखनऊ, उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी के समाजवादी पार्टी (सपा) में शामिल होने पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। विधानसभा सत्र से पहले मीडिया से बातचीत में मौर्य ने सिद्दीकी को “दगे कारतूस” करार दिया और कहा कि ऐसे नेताओं से सपा को कोई फायदा नहीं मिलने वाला।
15 फरवरी को पूर्व कांग्रेस नेता नसीमुद्दीन सिद्दीकी के सपा में शामिल होने के बाद यह बयान सामने आया है। गौरतलब है कि सिद्दीकी पहले बसपा सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं।
बजट सत्र पर क्या बोले डिप्टी सीएम?
विधानसभा के बजट सत्र को लेकर मौर्य ने कहा कि इस दौरान गंभीर चर्चा होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर बोलेंगे और सरकार ने जनता के हित में अच्छा बजट पेश किया है।
विपक्ष पर निशाना साधते हुए मौर्य ने कहा कि उनकी सोच नकारात्मक है और विकास कार्यों को देखकर वे खुद को संभाल नहीं पा रहे हैं। सरकार हर मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन विपक्ष केवल विरोध की राजनीति कर रहा है।
भारत-पाक मैच पर भी दी प्रतिक्रिया
डिप्टी सीएम ने भारत की पाकिस्तान पर 61 रन की जीत पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इसे ऐतिहासिक जीत बताते हुए भारतीय खिलाड़ियों को बधाई दी। मौर्य ने कहा कि भारत की जीत से तिरंगे का सम्मान बढ़ता है और पाकिस्तान की हार से वहां निराशा होती है।
