छत्तीसगढ़: राजधानी रायपुर के उरला इलाके में 18 फरवरी को एक पेट्रोल पंप पर सनकी युवक की वजह से अफरातफरी मच गई। युवक ने अपने दोस्त द्वारा सिगरेट पीने पर नाराज होकर पेट्रोल नोजल में आग लगा दी, जिससे पंप पर मौजूद लोग डर गए और बचाव के लिए भाग खड़े हुए।
बाइक पर पेट्रोल भरते समय शुरू हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, इमरान नामक युवक अपने दोस्त धर्मेंद्र क्षत्री के साथ बाइक लेकर पेट्रोल भरवाने आया था। पेट्रोल भरते समय धर्मेंद्र ने सिगरेट जला ली। इमरान ने उसे मना किया, लेकिन नाराज होकर धर्मेंद्र ने लाइटर से बाइक की टैंक में लगे नोजल पर आग लगा दी।
इससे पेट्रोल रिफिल मशीन और आसपास के हिस्सों में आग फैल गई।
पंप कर्मचारियों की सूझबूझ से बड़ी घटना टली
पंप पर मौजूद कर्मचारियों ने तुरंत रिफिल मशीन का सप्लाई बंद कर आग पर काबू पाया। पंप मैनेजर ने बताया कि उनकी सूझबूझ और तुरंत कार्रवाई की वजह से बड़ा हादसा टल गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
पुलिस ने युवकों को किया गिरफ्तार
पंप मैनेजर की शिकायत पर पुलिस ने दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी युवकों से पूछताछ कर रही है और मामले की जांच जारी है।
पंप मैनेजर ने लोगों से अपील की है कि इस तरह की हरकतें कभी न करें, क्योंकि पेट्रोल पंप पर आग लगना जानमाल के लिए बेहद खतरनाक हो सकता है।
