उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। शादी के कुछ ही दिनों बाद एक युवती ने अपने पति पर चाकू से हमला किया और फिर घर में रखे सोने-चांदी के जेवर व नकदी लेकर फरार हो गई।
घटना का विवरण
मामला जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र का है। गांव परसारा निवासी मोनिका की शादी 21 फरवरी को नाई का नगला नई बस्ती निवासी सुनील कुमार से हुई थी। 22 फरवरी को वह अपने ससुराल पहुंची। सुहागरात में मोनिका ने अपने पति सुनील पर चाकू से हमला किया और उसे दूर रहने की धमकी दी। डर के कारण सुनील अलग बिस्तर पर सो गया और अगले दिन उसने अपने ससुराल पक्ष को पूरी घटना बताई।
जेवर और कैश लेकर फरार
सूत्रों के अनुसार, 25 फरवरी की शाम मोनिका ने पूरे परिवार के लिए खाना बनाया। खाने के कुछ देर बाद परिवार के लोग बेहोश हो गए। इसी दौरान युवती ने घर में रखे लगभग 10 लाख रुपये के सोने के जेवर, 4-5 लाख रुपये की चांदी और 18 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गई।
सुबह जब सुनील की नींद खुली, तो वह घर से गायब मिली और घर का मुख्य गेट खुला पड़ा था। पीड़ित परिवार का आरोप है कि मोनिका अपने रिश्ते के चाचा सुग्रीव के साथ नया आशियाना बसाने के लिए भाग गई है।
पुलिस जांच
पीड़ित परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और युवती की तलाश शुरू कर दी है। जांच जारी है।
