कर्नाटक के कोथाडी में गुरुवार को 23 वर्षीय महिला की उसके लिव-इन पार्टनर द्वारा कथित तौर पर हत्या करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने इसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की, लेकिन पुलिस जांच में मामला हत्या का निकला और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
कौन है 23 वर्षीय रंजीता
मृतक की पहचान रंजीता एच.जी. के रूप में हुई है, जबकि आरोपी का नाम अयप्पा के.बी. बताया गया है। दोनों एक किराए के मकान में साथ रह रहे थे। अयप्पा एक ड्राई फ्रूट की दुकान में काम करता था, जबकि रंजीता घरेलू सहायिका के रूप में काम करती थी। दोनों ही कोडागु जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
परिजनों के अनुसार, रंजीता को अयप्पा से प्रेम हो गया था और 31 दिसंबर 2025 को वह उसे अपने घर लेकर गई थी, जहां उसने परिवार से उसे अपने बॉयफ्रेंड के रूप में मिलवाया। उसने परिवार को बताया था कि वह अयप्पा से शादी करना चाहती है। अयप्पा ने परिवार को बताया था कि उसकी पहले से शादी हो चुकी है, लेकिन पत्नी से अलग रहने की वजह से वह तलाक के बाद रंजीता से शादी करेगा।
क्या बोली माँ
रंजीता की मां रानी के मुताबिक, मौत से करीब दो हफ्ते पहले रंजीता ने फोन कर शिकायत की थी कि अयप्पा अक्सर छोटी-छोटी बातों पर उसके साथ मारपीट करता है और घर पर दोस्तों के साथ पार्टी कर उसे परेशान करता है।
आरोप है कि 1 मार्च को भी अयप्पा ने रंजीता के साथ मारपीट की और जातिसूचक गालियां देते हुए उसे मर जाने को कहा। 12 मार्च की सुबह अयप्पा ने रंजीता की बहन को फोन कर बताया कि उसने आत्महत्या करने की कोशिश की है और उसे सरजापुर रोड स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिवार को शक होने पर पुलिस ने जांच शुरू की। शुरुआती जांच में सामने आया कि अयप्पा ने तार से रंजीता का गला घोंटा और बाद में पंखे से रस्सी बांधकर इसे आत्महत्या दिखाने की कोशिश की।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 (हत्या) और SC/ST (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है।
