लखनऊ। प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मंगलवार सुबह से मौसम साफ बना हुआ है और शहर में चटक धूप खिली हुई है। हालांकि दिन चढ़ने के साथ दोपहर और शाम के समय बादलों की आवाजाही देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक आज अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। साफ मौसम के चलते दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है, लेकिन यह अभी भी सामान्य से थोड़ा कम बना हुआ है।
सोमवार को सामान्य से कम रहा तापमान, नमी का स्तर ऊंचा
सोमवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 17.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.2 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 17.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.1 डिग्री कम है। आर्द्रता के स्तर में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिला, जहां अधिकतम आर्द्रता 70 फीसदी और न्यूनतम आर्द्रता 34 फीसदी दर्ज की गई। नमी की अधिकता के कारण सुबह के समय हल्की धुंध की स्थिति भी बनी रह सकती है।
26 से 28 मार्च के बीच बारिश के आसार, 29 मार्च से बढ़ेगा असर
मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, 26 से 28 मार्च के बीच प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना जताई गई है। इसके बाद 29 मार्च से मौसम में बदलाव का असर और ज्यादा स्पष्ट हो सकता है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव समाप्त होने के बाद मौसम साफ हो गया है, जिससे दिन के तापमान में औसतन 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
अगले 3-4 दिनों में तापमान में और वृद्धि, सुबह धुंध की संभावना
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 3 से 4 दिनों में अधिकतम तापमान में 4 से 7 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि हो सकती है। वहीं रात का न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे बना रह सकता है। हवा में अधिक नमी और स्थिर वायुमंडलीय परिस्थितियों के कारण सुबह के समय कई इलाकों में हल्की धुंध छाने की संभावना भी बनी हुई है।
