लखनऊ। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL) के कार्यकारी निदेशक एवं राज्य प्रमुख संजय भंडारी ने कहा है कि उत्तर प्रदेश में पेट्रोल, डीजल और LPG सहित सभी पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य और नियंत्रण में है।
पीआईबी और राज्य सरकार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने बताया कि प्रदेश में कुल 13,168 रिटेल आउटलेट संचालित हैं, जिनमें ऑयल मार्केटिंग कंपनियों और निजी कंपनियों के आउटलेट शामिल हैं। साथ ही 28 सप्लाई डिपो भी सक्रिय हैं।
उन्होंने बताया कि राज्य में प्रतिदिन औसतन 16 TKL पेट्रोल और 30 TKL डीजल की आपूर्ति की जा रही है। सभी पेट्रोल पंप सामान्य रूप से कार्यरत हैं और बिक्री पर किसी प्रकार का प्रतिबंध नहीं है। जनवरी से मार्च 2026 के बीच ईंधन की खपत सामान्य स्तर पर बनी हुई है, जो मांग की स्थिरता को दर्शाती है। नागरिकों से अपील की गई है कि वे घबराकर ईंधन की अनावश्यक खरीद न करें।
LPG सप्लाई भी स्थिर
संजय भंडारी ने बताया कि राज्य में 4,143 वितरकों और 36 बॉटलिंग प्लांट के जरिए लगभग 4.88 करोड़ उपभोक्ताओं को LPG सेवा दी जा रही है। वर्तमान में पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और प्रतिदिन करीब 8.7 लाख सिलेंडर रिफिल की डिलीवरी की जा रही है।
PNG कनेक्शन में तेजी
प्रदेश में PNG नेटवर्क का भी तेजी से विस्तार हो रहा है। वर्तमान में करीब 20 लाख PNG कनेक्शन हैं और पिछले एक महीने में 28,000 से अधिक नए कनेक्शन जोड़े गए हैं। 44 जिलों को CGD नेटवर्क से जोड़ा जा चुका है।
जमाखोरी पर सख्त कार्रवाई
अधिकारियों ने बताया कि जमाखोरी और अवैध डायवर्जन पर सख्त निगरानी रखी जा रही है। अब तक 21,939 निरीक्षण किए गए हैं, जिनमें 12,330 सिलेंडर जब्त, 245 FIR दर्ज और 22 गिरफ्तारियां की गई हैं। आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई जारी है।
उर्वरकों की भी पर्याप्त उपलब्धता
इस मौके पर आशुतोष कुमार मिश्रा ने बताया कि प्रदेश में उर्वरकों की कोई कमी नहीं है। यूरिया, DAP और NPK सहित सभी प्रमुख खाद पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। किसानों से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और जरूरत के अनुसार ही खरीद करें।
फर्जी खबरों से सतर्क रहने की अपील
दिलीप कुमार शुक्ल ने कहा कि सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक सूचनाओं पर नजर रखी जा रही है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि केवल आधिकारिक स्रोतों से मिली जानकारी पर ही भरोसा करें।
