लखनऊ में आईआईएम रोड और सीतापुर रोड से सटी नैमिष नगर आवासीय योजना को लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) सितंबर में लॉन्च करने की तैयारी में है। इसके लिए प्राधिकरण ने शुरुआती स्तर पर काम शुरू कर दिया है। पहले चरण में योजना के दो सेक्टरों में उपलब्ध भूखंडों के लिए पंजीकरण खोले जाएंगे।
अधिकारियों के मुताबिक, इस योजना में प्लॉट की कीमत लगभग ₹3000 प्रति वर्गफीट रहने का अनुमान है, जो एलडीए की अन्य योजनाओं की तुलना में काफी किफायती मानी जा रही है। यह योजना 18 गांवों की करीब 1486 हेक्टेयर जमीन पर विकसित की जा रही है। अब तक एलडीए करीब 150 हेक्टेयर भूमि का बैनामा कर चुका है, जबकि 430 हेक्टेयर जमीन के लिए किसानों की सहमति मिल चुकी है।
प्राधिकरण को कुल मिलाकर लगभग 580 हेक्टेयर जमीन मिल चुकी है और शेष भूमि भी किसानों की सहमति से अधिग्रहित की जाएगी। खास बात यह है कि जिन क्षेत्रों की जमीन नहीं ली जाएगी, वहां भी एलडीए बुनियादी सुविधाओं का विकास करेगा। इसमें सड़क, जल निकासी, पार्क, स्कूल, स्वास्थ्य केंद्र, बरात घर और अन्य सार्वजनिक सुविधाएं शामिल हैं।
योजना को बेहतर कनेक्टिविटी देने के लिए ग्रीन कॉरिडोर का विस्तार भी किया जाएगा, जिसे मंजूरी मिल चुकी है। इसके तहत करीब 10 किलोमीटर लंबा मार्ग विकसित होगा, जिससे नैमिष नगर से किसान पथ तक आवागमन आसान हो जाएगा।
एलडीए अधिकारियों का कहना है कि यह योजना उन लोगों के लिए सुनहरा अवसर होगी, जो कम कीमत में प्लॉट खरीदना चाहते हैं। पहले चरण में सीमित सेक्टरों में ही आवेदन शुरू किए जाएंगे, जिसके बाद आगे विस्तार किया जाएगा।
