लखनऊ। बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (BBAU) के भूविज्ञान विभाग के विद्यार्थियों ने प्लेसमेंट के क्षेत्र में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। विभाग के दो मेधावी छात्र ऋषि राज झा और शिवा मिश्रा का चयन देश की अग्रणी सीमेंट कंपनी UltraTech Cement में हुआ है।
इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने दोनों छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता उनकी मेहनत, लगन और विश्वविद्यालय के बेहतर शैक्षणिक माहौल का परिणाम है।
कंपनी की चयन प्रक्रिया में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर दोनों छात्रों का चयन किया गया है। चयनित विद्यार्थियों को प्रारंभिक तीन माह की इंटर्नशिप के दौरान ₹20,000 प्रतिमाह वजीफा दिया जाएगा। इसके बाद उन्हें 12 माह के प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल किया जाएगा, जिसमें 5.5 लाख रुपये वार्षिक सीटीसी प्रदान की जाएगी। प्रशिक्षण के दौरान बेहतर प्रदर्शन करने पर 6 लाख रुपये सालाना वेतन के साथ स्थायी नियुक्ति का अवसर भी मिलेगा, जिसमें यात्रा और आवास भत्ता शामिल होगा।
इंटर्नशिप के दौरान छात्र कंपनी की विभिन्न परियोजनाओं में कार्य करते हुए चूना पत्थर के भंडारों का सर्वेक्षण, भूवैज्ञानिक विश्लेषण और खनिज संसाधनों के मूल्यांकन जैसे कार्यों का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करेंगे। इससे उन्हें औद्योगिक क्षेत्र की कार्यप्रणाली को समझने का बेहतर अवसर मिलेगा।
प्रो. नरेंद्र कुमार सहित सभी शिक्षकों ने इस सफलता पर छात्रों को शुभकामनाएं दीं और इसे विभाग व विश्वविद्यालय के लिए गर्व का विषय बताया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि आने वाले छात्रों के लिए प्रेरणा बनेगी और विश्वविद्यालय की शैक्षणिक प्रतिष्ठा को और मजबूत करेगी।
