लखनऊ। राजधानी स्थित अटल बिहारी वाजपेयी चिकित्सा विश्वविद्यालय में शुक्रवार को नेशनल इंटरवेंशनल काउंसिल 2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। इस कार्यक्रम का आयोजन कार्डियोलॉजी सोसायटी ऑफ इंडिया की ओर से किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया। इस अवसर पर उन्होंने स्वास्थ्य और जीवनशैली से जुड़े महत्वपूर्ण संदेश दिए।
सीएम योगी ने कहा कि भारत की परंपरा में समय पर जागना, सोना और संतुलित आहार लेना हमेशा से जीवनशैली का हिस्सा रहा है। लेकिन बदलती जीवनशैली और दिनचर्या के कारण आज कई स्वास्थ्य समस्याएं सामने आ रही हैं।
उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपनी दिनचर्या को सुधारें और स्वस्थ आदतों को अपनाएं, जिससे हृदय संबंधी बीमारियों सहित अन्य समस्याओं से बचा जा सके।
इस कार्यक्रम में देशभर के हृदय रोग विशेषज्ञों और चिकित्सा क्षेत्र के विशेषज्ञों ने भाग लिया, जहां आधुनिक तकनीकों और उपचार पद्धतियों पर चर्चा की गई।
