रिपोर्ट: ममता भारद्वाज | आगरा
आगरा से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक मां ने अपनी ही डेढ़ साल की मासूम बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी। इस सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी मां ममता ने यमुना किनारे सुनसान स्थान पर इस खौफनाक घटना को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि उसने पानी में छटपटाती अपनी बेटी खुशी की गर्दन पर पैर रखकर उसकी जान ले ली। इतना ही नहीं, बच्ची की पहचान मिटाने के लिए पत्थर से भी वार किया।
बाइट : – शेषमणि उपाध्याय एसीपी ,छत्ता आगरा
घटनास्थल पर मिली चप्पल पुलिस के लिए अहम सुराग बनी, जिसके आधार पर आरोपी की पहचान हुई। वारदात के बाद आरोपी मां नंगे पैर वहां से फरार हो गई थी।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ममता टूट गई और उसने हत्या की पूरी कहानी कबूल कर ली। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पारिवारिक विवाद और अवैध संबंधों के शक के चलते पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़े होते थे। इस मामले में पहले भी काउंसलिंग हो चुकी थी और मामला पुलिस तक पहुंचा था।

मंगलवार को आरोपी अपनी बेटी को दवा दिलाने के बहाने घर से निकली और पहले से रची साजिश के तहत उसे यमुना किनारे ले जाकर मौत के घाट उतार दिया।
शेषमणि उपाध्याय ने बताया कि छत्ता पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मां को गिरफ्तार कर लिया है। उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। साथ ही घटनास्थल से चप्पल और हत्या में प्रयुक्त पत्थर भी बरामद कर लिए गए हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है
