Homeउत्तर प्रदेशहमीरपुर: साध्वी निरंजन ज्योति ने रेल मंत्री से की मुलाकात, दो रेलवे...

हमीरपुर: साध्वी निरंजन ज्योति ने रेल मंत्री से की मुलाकात, दो रेलवे स्टेशनों पर सुविधाएं बढ़ाने की मांग

रिपोर्ट- अंकित पांडेय

हमीरपुर। राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की अध्यक्ष एवं दर्जा प्राप्त केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर हमीरपुर जिले के रेलवे स्टेशनों से जुड़ी जनसमस्याओं और बुनियादी सुविधाओं को लेकर मांग रखी।

मुलाकात के दौरान साध्वी निरंजन ज्योति ने अपने पैतृक गांव से जुड़े यमुना साउथ बैंक रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने स्टेशन के प्लेटफार्म के उच्चीकरण, फुट ओवरब्रिज के निर्माण समेत अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर रेल मंत्री को पत्र सौंपा।

इसके अलावा उन्होंने हमीरपुर रोड रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा को देखते हुए सूबेदारगंज-लोकमान्य तिलक टर्मिनल एक्सप्रेस के ठहराव की मांग भी की। उन्होंने कहा कि ट्रेन के ठहराव से स्थानीय यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और क्षेत्र के लोगों को बेहतर रेल कनेक्टिविटी का लाभ मिल सकेगा।

साध्वी निरंजन ज्योति ने दोनों रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की जरूरत के मुताबिक बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किए जाने को जनहित से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय बताया। उन्होंने रेल मंत्री को इस संबंध में पत्र सौंपते हुए आवश्यक कार्रवाई की मांग की।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने उनकी मांगों को सुना और संबंधित विषयों पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। मुलाकात के दौरान साध्वी निरंजन ज्योति के निजी सचिव राजेंद्र निषाद भी मौजूद रहे।

स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि रेलवे स्टेशनों पर सुविधाओं के विस्तार और ट्रेन के ठहराव से क्षेत्र में रेल यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular