Homeउत्तर प्रदेशबरेली में 19 अगस्त को पीएम सूर्य घर योजना की समीक्षा

बरेली में 19 अगस्त को पीएम सूर्य घर योजना की समीक्षा

रिपोर्ट: अचल प्रताप सिंह 

बरेली। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को लेकर बरेली में 19 अगस्त 2026 को महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। उत्तर प्रदेश नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विकास अभिकरण (यूपीनेडा) के तत्वावधान में होने वाली इस बैठक में जिले में लगाए गए सोलर रूफटॉप संयंत्रों की प्रगति और योजना के तहत प्राप्त आवेदनों के निस्तारण की स्थिति की समीक्षा की जाएगी।

यूपीनेडा के प्रभारी परियोजना अधिकारी/अपर उपनिदेशक, सदर यूनिट बरेली की ओर से जारी पत्र के अनुसार बैठक 19 अगस्त को दोपहर 2 बजे विकास भवन सभागार, बरेली में आयोजित होगी। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों को अनिवार्य रूप से प्रतिभाग करने के निर्देश दिए गए हैं।

लक्ष्य के मुकाबले प्रगति की होगी समीक्षा

बैठक में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष हुई प्रगति पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। इसमें डिस्पैच, प्राप्त आवेदनों और अब तक किए गए कार्यों की स्थिति की समीक्षा होगी। इसके साथ ही योजना के तहत लंबित पात्र आवेदनों और विद्युत विभाग की ओर से लंबित इंस्पेक्शन के मामलों को भी बैठक में प्रमुखता से उठाया जाएगा।

अधिकारियों को लंबित मामलों का जल्द निस्तारण करने और योजना की प्रगति में तेजी लाने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

25 से ज्यादा विभागों को भेजा गया पत्र

समीक्षा बैठक में नगर निगम, बरेली विकास प्राधिकरण, मुख्य चिकित्साधिकारी, सभी उपजिलाधिकारी, बैंक प्रतिनिधि, जिला समन्वयक, विद्युत विभाग और जिला पंचायत राज अधिकारी समेत 25 से अधिक विभागों के अधिकारियों को बुलाया गया है।

विभिन्न विभागों की भागीदारी के जरिए योजना को अधिक से अधिक पात्र उपभोक्ताओं तक पहुंचाने और सोलर रूफटॉप संयंत्र लगाने के लिए लोगों को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया जाएगा।

उपभोक्ताओं को सोलर रूफटॉप के लिए किया जाएगा प्रेरित

यूपीनेडा ने आवासीय उपभोक्ताओं और नवीनीकृत विद्युत उपभोक्ताओं को सोलर रूफटॉप संयंत्र स्थापित करने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही इच्छुक उपभोक्ताओं का पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण कराने और प्राप्त आवेदनों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया है।

बैठक में योजना की जमीनी प्रगति, आवेदन प्रक्रिया, लंबित मामलों और विद्युत विभाग से जुड़े निरीक्षण की स्थिति की समीक्षा के बाद आगे की कार्ययोजना तय की जाएगी। सरकार का उद्देश्य अधिक से अधिक घरों तक सौर ऊर्जा की सुविधा पहुंचाना और उपभोक्ताओं को सस्ती एवं स्वच्छ ऊर्जा उपलब्ध कराने की दिशा में योजना को गति देना है।

RELATED ARTICLES

Most Popular