उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में यमुना नदी में शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया, जहां श्रद्धालुओं से भरी एक मोटर बोट (स्टीमर) अचानक पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 6 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं।
जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि राहत और बचाव कार्य तेजी से चलाया जा रहा है। प्रशासन की टीमों के साथ-साथ गोताखोर भी नदी में लापता लोगों की तलाश में जुटे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पंजाब से आए श्रद्धालु यमुना नदी में नौका विहार के लिए निकले थे। इसी दौरान अचानक नाव का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई, जिससे सभी यात्री नदी में गिर गए।
सीएम योगी ने जताया दुख:
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि मथुरा में नाव पलटने की घटना बेहद दुखद और दिल को झकझोर देने वाली है।
सीएम ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि राहत और बचाव कार्य में तेजी लाई जाए और घायलों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की।
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी:
घटना के बाद से प्रशासन अलर्ट मोड में है। पुलिस, एनडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की मदद से सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है। आशंका जताई जा रही है कि नाव में क्षमता से अधिक लोग सवार थे, जिससे हादसा हुआ।
