मथुरा। उत्तर प्रदेश के वृंदावन में शुक्रवार दोपहर एक बड़ा और दर्दनाक हादसा हो गया, जब यमुना नदी में करीब 30 पर्यटकों से भरा एक स्टीमर अचानक पलट गया। इस हादसे में अब तक 6 पर्यटकों की डूबने से मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य के लापता होने की आशंका जताई जा रही

घटना की पुष्टि मथुरा के जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने की है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, स्टीमर में सवार सभी पर्यटक पंजाब के निवासी थे, जो धार्मिक और पर्यटन यात्रा पर वृंदावन आए थे। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और SDRF व NDRF की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। बचाव कार्य को तेज करने के लिए करीब 50 स्थानीय गोताखोरों को भी लगाया गया है। अब तक लगभग 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के समय तेज हवा चल रही थी, जिससे स्टीमर का संतुलन बिगड़ गया। बताया जा रहा है कि स्टीमर की गति अचानक बढ़ गई और वह नदी में बने पीपा पुल से टकरा गया, जिसके बाद वह पलट गया। हादसे के वक्त स्टीमर में अफरा-तफरी मच गई और यात्री अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर कूदने लगे।
प्रशासन ने पूरे इलाके को घेरकर रेस्क्यू ऑपरेशन को तेज कर दिया है। स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है और प्रशासन का कहना है कि सभी लापता लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
