लखनऊ। प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि फार्मासिस्ट चिकित्सा विभाग की अहम कड़ी हैं और स्वास्थ्य सेवा प्रणाली में उनकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि फार्मासिस्ट डॉक्टरों द्वारा लिखे गए नुस्खों के अनुसार मरीजों को सुरक्षित और सही दवाएं उपलब्ध कराते हैं, साथ ही दवाओं के उपयोग, सही खुराक, संभावित दुष्प्रभावों और दवाओं की परस्पर क्रियाओं के बारे में भी मरीजों को विस्तृत परामर्श देते हैं। उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि फार्मासिस्टों के लिए उनके घर और कार्यालय के दरवाजे हमेशा खुले हैं।
शनिवार को डिप्लोमा फार्मासिस्ट राजपत्रित अधिकारी एसोसिएशन के द्विवार्षिक प्रांतीय अधिवेशन एवं निर्वाचन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि फार्मासिस्ट की जिम्मेदारी केवल दवा वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि मरीजों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और उन्हें सही उपचार दिलाना भी उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग में सभी के दायित्व भले अलग-अलग हों, लेकिन सभी का लक्ष्य एक ही है। प्रदेश की जनता को सुरक्षित और उच्च गुणवत्ता वाला इलाज उपलब्ध कराना।
उन्होंने फार्मासिस्टों को स्वास्थ्य विभाग के “परिवार का अभिन्न अंग” बताते हुए नवनिर्वाचित एसोसिएशन पदाधिकारियों को बधाई दी और उनके सफल कार्यकाल की कामना की। साथ ही उन्होंने कहा कि सभी को मिलकर स्वास्थ्य विभाग को प्रदेश और देश में नंबर वन बनाने की दिशा में कार्य करना होगा।
बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना हमारी जिम्मेदारी: डिप्टी सीएम
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति किसी से छिपी नहीं थी, लेकिन अब सभी के संयुक्त प्रयासों से गुणवत्तापूर्ण इलाज की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की गई हैं। इसके बावजूद अभी बहुत काम बाकी है और प्रदेश के प्रत्येक व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना हमारी जिम्मेदारी है।
उन्होंने आश्वासन दिया कि एसोसिएशन द्वारा प्रस्तुत मांग पत्र पर सकारात्मक कार्रवाई की जाएगी। जो भी मांगें संभव होंगी, उनके प्रस्ताव तैयार कर उन्हें पूरा कराया जाएगा। इस संबंध में उन्होंने डीजी हेल्थ को तत्काल प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि वे हर परिस्थिति में एसोसिएशन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहेंगे।
इनकी रही मौजूदगी
कार्यक्रम में महानिदेशक चिकित्सा डॉ. पवन कुमार अरुण, महानिदेशक प्रशिक्षण डॉ. रंजना खरे, प्रदेश अध्यक्ष जेके सचान, महामंत्री आरके निगम, जेडी पैरामेडिकल डॉ. सुनील वर्मा, अध्यक्ष आरके वर्मा, संप्रेक्षक नागेंद्र भूषण पांडेय, निदेशक पैरामेडिकल डॉ. संजू अग्रवाल सहित अन्य प्रमुख लोग उपस्थित रहे।
