लखनऊ। भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में आज दोपहर 3:30 बजे से होने वाले आईपीएल मैच को लेकर शहर में विशेष ट्रैफिक प्लान लागू कर दिया गया है।
यातायात पुलिस ने दोपहर 12 बजे से मैच समाप्त होने तक कई प्रमुख मार्गों पर डायवर्जन और प्रतिबंध लागू किए हैं, ताकि दर्शकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और ट्रैफिक व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
ट्रैफिक प्लान के तहत शहीद पथ पर रोडवेज बसों, प्राइवेट बसों और अन्य व्यवसायिक वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। इन वाहनों को अमूल तिराहा और कटाई पुल से डायवर्ट किया जाएगा। हालांकि निजी कारों और टैक्सी वाहनों को इस मार्ग पर चलने की अनुमति दी गई है।
सिटी बसों के संचालन में भी बदलाव किया गया है। बसें अपने निर्धारित रूट पर चलेंगी, लेकिन शहीद पथ पर हुसड़िया और सुशांत गोल्फ सिटी के बीच कहीं नहीं रुकेंगी और सड़क के दाईं ओर संचालित होंगी।
वहीं, शहीद पथ और उससे जुड़ी सर्विस रोड पर ऑटो और ई-रिक्शा का संचालन पूरी तरह बंद रहेगा। अर्जुनगंज और सुल्तानपुर रोड की ओर से आने वाले ऑटो/ई-रिक्शा को निर्धारित स्थानों पर ही सवारी उतारने की अनुमति होगी। अहिमामऊ क्षेत्र के 500 मीटर दायरे में पिक-अप और ड्रॉप पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
ओला-ऊबर जैसी कैब सेवाओं के लिए भी विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। ये वाहन हुसड़िया से सुशांत गोल्फ सिटी के बीच सवारी नहीं बैठा या उतार सकेंगे। एयरपोर्ट और अर्जुनगंज की दिशा से आने वाले यात्रियों के लिए अलग-अलग ड्रॉप पॉइंट निर्धारित किए गए हैं।
मैच के दौरान पार्किंग के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है। सभी वाहन अहिमामऊ से एचसीएल की ओर भेजे जाएंगे। पार्किंग स्थल के रूप में पलासियो मॉल और वॉटर टैंक तिराहे के आसपास स्थान निर्धारित किए गए है जबकि दोपहिया वाहन पलासियो मॉल के पीछे पार्क किए जाएंगे। स्टेडियम और मॉल के सामने अवैध पार्किंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, जिसमें वाहनों की टोइंग और क्लैम्पिंग शामिल है।
यातायात पुलिस ने दर्शकों से अपील की है कि वे तय ट्रैफिक प्लान का पालन करें और समय से पहले घर से निकलें, जिससे किसी भी तरह की परेशानी से बचा जा सके।
