लखनऊ के नरही क्षेत्र में पिछले 10 से 15 दिनों से भटक रही एक असहाय एवं मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला को राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉ. प्रियंका मौर्य की तत्परता से सुरक्षित आश्रय मिल गया है।
डॉ. प्रियंका मौर्य ने बताया कि उन्हें इस महिला के संबंध में सूचना स्थानीय नागरिकों एवं मीडिया के माध्यम से प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही उन्होंने मौके पर पहुँचकर स्थिति का जायजा लिया और तुरंत कार्रवाई करते हुए महिला का रेस्क्यू कराया।

रेस्क्यू के बाद महिला को सरोजनीनगर स्थित मातृछाया केंद्र (पिपरसंड के निकट) में सुरक्षित रखा गया है। केंद्र में महिला के लिए भोजन, वस्त्र और अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई है।

इसके साथ ही डॉ. प्रियंका मौर्य ने केंद्र प्रभारी को निर्देश दिए हैं कि महिला की चिकित्सीय जांच लोकबंधु चिकित्सालय, लखनऊ में कराई जाए, ताकि उसके स्वास्थ्य की सही स्थिति का आकलन कर आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया जा सके। साथ ही महिला के पुनर्वास और देखभाल के लिए भी जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।
डॉ. प्रियंका मौर्य ने कहा कि जरूरतमंद और असहाय लोगों की मदद करना समाज का दायित्व है और इस दिशा में हर संभव प्रयास जारी रहेंगे।
