लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जापानी प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात कर प्रदेश में निवेश की संभावनाओं और भारत-जापान साझेदारी को लेकर चर्चा की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से भारत-जापान संबंध नई ऊंचाइयों को छू रहे हैं।
सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में ऑटोमोबाइल, हाइड्रोजन एनर्जी समेत कई महत्वपूर्ण सेक्टर में निवेश की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि जापानी कंपनियों के लिए यूपी में निवेश के अनुकूल माहौल तैयार किया गया है और सरकार निवेश प्रस्तावों को तेजी से जमीन पर उतारने के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि यामानाशी के गवर्नर के नेतृत्व में आया जापानी प्रतिनिधिमंडल उत्तर प्रदेश में निवेश को लेकर उत्साहित है। उन्होंने विश्वास जताया कि जापानी निवेशकों की ओर से सामने आए प्रस्तावों को धरातल पर उतारने में प्रदेश सरकार सफल होगी।
योगी आदित्यनाथ ने भारत-जापान साझेदारी को उत्तर प्रदेश में निवेश और रोजगार के नए अवसरों में बदलने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच मजबूत होते संबंधों का लाभ प्रदेश की अर्थव्यवस्था, औद्योगिक विकास और युवाओं के लिए रोजगार के अवसरों के रूप में मिलना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि 22 अगस्त को जापानी प्रतिनिधिमंडल वाराणसी जाएगा, जहां प्रतिनिधिमंडल के सदस्य श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन करेंगे।
