HomeUncategorizedहवा में 4 घंटे फंसी फ्लाइट, तकनीकी खराबी से टला बड़ा हादसा

हवा में 4 घंटे फंसी फ्लाइट, तकनीकी खराबी से टला बड़ा हादसा

हैदराबाद से हुबली जा रही फ्लाई91 एयरलाइंस की फ्लाइट में तकनीकी खराबी के चलते बड़ा हादसा टल गया। फ्लाइट IC3401 करीब चार घंटे तक हवा में ही चक्कर लगाती रही, जिससे यात्रियों में डर और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा से दोपहर करीब 3 बजे रवाना हुई यह फ्लाइट शाम 4:30 बजे हुबली पहुंचने वाली थी। लेकिन हुबली के नजदीक पहुंचते ही विमान में तकनीकी समस्या आ गई, जिसके बाद पायलटों को लैंडिंग रोकनी पड़ी।

स्थिति को संभालने के लिए विमान को हवा में ही उड़ाते रखा गया। इस दौरान फ्लाइट मुंडगोड, दावणगेरे और शिवमोग्गा के ऊपर लगातार चक्कर लगाती रही। करीब चार घंटे तक चले इस घटनाक्रम में यात्रियों के बीच दहशत का माहौल बना रहा—कई यात्री प्रार्थना करते नजर आए, तो कुछ रोने लगे।

विमान के अंदर तनावपूर्ण स्थिति बनी रही, जबकि यात्रियों के परिजनों ने एयरलाइंस पर समय पर जानकारी न देने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि स्थिति को लेकर स्पष्ट अपडेट नहीं दिया गया।

आखिरकार फ्लाइट को केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा डायवर्ट किया गया, जहां शाम करीब 7:30 बजे सुरक्षित लैंडिंग कराई गई।

घटना के बाद सभी यात्रियों ने राहत की सांस ली, लेकिन तकनीकी खराबी और सूचना प्रबंधन को लेकर एयरलाइंस पर सवाल खड़े हो गए हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular