मंगलवार की सुबह मणिपुर के कई हिस्सों में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के अनुसार भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 5.2 दर्ज की गई। इसका केंद्र मणिपुर के कामजोंग जिला में था।
सुबह करीब 5:59 बजे आए इन झटकों से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। लोग डर के मारे अपने घरों से बाहर निकल आए और सुरक्षित स्थानों की ओर भागे।
भूकंप का केंद्र 24.703 N अक्षांश और 94.415 E देशांतर पर, जमीन से करीब 62 किलोमीटर की गहराई में स्थित था। झटकों की तीव्रता इतनी थी कि इसका असर पड़ोसी राज्यों नगालैंड और असम में भी महसूस किया गया।
फिलहाल किसी भी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है, लेकिन प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
इससे पहले सोमवार को उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल क्षेत्र में भी 3.0 तीव्रता का भूकंप आया था, जिसका केंद्र 10 किलोमीटर की गहराई में था।
वहीं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी भूकंप की गतिविधियां देखने को मिली हैं। सोमवार सुबह जापान में 7.4 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया, जिसके बाद समुद्र में करीब 80 सेंटीमीटर ऊंची लहरें उठीं और सुनामी का अलर्ट जारी किया गया।
