गर्मियों के मौसम में शरीर और मन का संतुलन बनाए रखना चुनौतीपूर्ण हो जाता है। बढ़ते तापमान का असर केवल बाहर ही नहीं, बल्कि शरीर के भीतर भी महसूस होता है। आयुर्वेद के अनुसार इस दौरान पित्त दोष बढ़ जाता है, जिससे गुस्सा, चिड़चिड़ापन, बेचैनी और मानसिक अशांति जैसी समस्याएं सामने आती हैं।
छोटी-छोटी बातों पर क्रोध आना, सिर में गर्मी महसूस होना, अधीरता और तनाव बढ़ना—ये सभी पित्त असंतुलन के संकेत हो सकते हैं। ऐसे में शरीर को ठंडक देना और जीवनशैली में कुछ बदलाव करना बेहद जरूरी हो जाता है।
पित्त संतुलित रखने के आसान उपाय
1. हर्बल टी अपनाएं
गर्मियों में चाय और कैफीन का सेवन कम करें, क्योंकि ये शरीर की गर्मी बढ़ाते हैं। इसके बजाय तुलसी, गुलाब की पंखुड़ियां, पैशनफ्लावर और कैमोमाइल से बनी हर्बल टी दिन में दो बार पीना लाभकारी होता है। यह तनाव कम करने और हार्मोन संतुलन में मदद करती है।
2. घी नस्य (Nasya) करें
रात में सोने से पहले नाक में घी की कुछ बूंदें डालना (नस्य) पित्त को शांत करने में मदद करता है। इससे दिमाग को ठंडक मिलती है और मानसिक तनाव भी कम होता है।
3. चंदन का लेप लगाएं
माथे पर चंदन का लेप लगाने से शरीर का तापमान संतुलित रहता है। चंदन की ठंडी तासीर मन को शांत करने और गुस्से को कम करने में कारगर मानी जाती है।
4. तेल मालिश से मिलेगा आराम
भृंगराज या नारियल तेल से सिर और तलवों की मालिश करने से शरीर को शीतलता मिलती है। इससे बेचैनी और तनाव कम होता है और नींद भी बेहतर आती है।
5. पर्याप्त आराम करें
आयुर्वेद में गर्मियों के दौरान पर्याप्त विश्राम की सलाह दी जाती है। खासकर ज्येष्ठ माह में दिन में आराम करने से शरीर की ऊर्जा बनी रहती है और मन भी शांत रहता है।
क्यों जरूरी है पित्त संतुलन?
आयुर्वेद मानता है कि जब शरीर को ठंडक और आराम मिलता है, तो मन और तन दोनों संतुलित रहते हैं। इसलिए गर्मियों में खानपान और दिनचर्या में छोटे बदलाव करके न सिर्फ गुस्से और चिड़चिड़ेपन को कम किया जा सकता है, बल्कि समग्र स्वास्थ्य को भी बेहतर बनाया जा सकता है।
