लखनऊ। Lucknow की शान में जल्द ही एक नया आकर्षण जुड़ने जा रहा है। एलडीए द्वारा विकसित ग्रीन कॉरिडोर पर स्वदेशी लड़ाकू विमान ‘तेजस’ का भव्य मॉडल स्थापित किया जाएगा, जो शहर की आधुनिक पहचान के साथ-साथ देश की सैन्य शक्ति का प्रतीक भी बनेगा।
Lucknow Development Authority के अनुसार यह पहल रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की प्रेरणा से की जा रही है। उनके निर्देश पर हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) द्वारा लाइट कॉम्बेट एयरक्राफ्ट ‘तेजस’ का मॉडल बेंगलुरु से लखनऊ मंगाया गया है।
फिलहाल इस मॉडल को जनेश्वर मिश्र पार्क में सुरक्षित रखा गया है। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि इसे समतामूलक चौराहे के पास ग्रीन कॉरिडोर के प्रवेश बिंदु पर स्थापित किया जाएगा, जहां इस रोटरी का नाम ‘तेजस चौक’ रखा जाएगा।
अधिकारियों के अनुसार अगले 15 दिनों में फाउंडेशन और सौंदर्यीकरण का कार्य पूरा कर मॉडल को स्थानांतरित कर दिया जाएगा। यह 15 फीट लंबा और 9.5 फीट चौड़ा होगा, जिसका वजन लगभग 200 किलोग्राम है और यह हू-ब-हू असली तेजस विमान जैसा दिखाई देगा।
एलडीए का कहना है कि यह मॉडल न केवल शहर की सुंदरता बढ़ाएगा, बल्कि युवाओं को भारतीय वायुसेना और देश की रक्षा क्षमता से प्रेरित भी करेगा।
