लखनऊ। Uttar Pradesh में सोमवार को अचानक आए तेज आंधी, बारिश और आकाशीय बिजली ने भारी तबाही मचा दी। मौसम में आए इस बदलाव ने जहां भीषण गर्मी से राहत दी, वहीं अलग-अलग जिलों में कम से कम 23 लोगों की जान ले ली।
सबसे ज्यादा मौतें आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं में हुईं, जिसमें खेतों में काम कर रहे किसान और खुले स्थानों पर मौजूद लोग प्रभावित हुए। तेज हवाओं के कारण पेड़ और दीवारें गिरने से भी कई हादसे हुए। अयोध्या समेत अवध क्षेत्र में सात लोगों की मौत दर्ज की गई।
गोंडा में पेड़ गिरने और वाहन पलटने जैसी घटनाओं में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि बलरामपुर, बहराइच और अंबेडकर नगर में भी बिजली गिरने से जानें गईं। कई जिलों में सुबह ही अंधेरा छा गया, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ।
बारिश के आंकड़ों में संभल में 130 मिमी, कासगंज में 97 मिमी और बरेली, बाराबंकी, मुरादाबाद व गोरखपुर में भी अच्छी बारिश दर्ज की गई। तेज हवाओं की रफ्तार कई जगह 80 से 85 किमी प्रति घंटे तक पहुंच गई, जिससे तापमान में 10 से 12 डिग्री तक गिरावट आई।
मौसम विभाग ने मंगलवार के लिए 21 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में तेज बारिश, गरज-चमक और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। करीब 30 जिलों में तेज हवाएं चलने का अनुमान है। विशेषज्ञों के अनुसार 5 से 7 मई तक मौसम का यह खराब दौर जारी रह सकता है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान घरों में रहें, खेतों और खुले स्थानों से दूर रहें और सावधानी बरतें।
