Homeउत्तर प्रदेशसीएम योगी ने किया जनगणना-2027 के प्रथम चरण का शुभारंभ, डिजिटल और...

सीएम योगी ने किया जनगणना-2027 के प्रथम चरण का शुभारंभ, डिजिटल और जातीय गणना पर जोर..

Yogi Adityanath ने गुरुवार को उत्तर प्रदेश में जनगणना-2027 के प्रथम चरण का औपचारिक शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने ‘हमारी जनगणना, हमारा विकास’ के संकल्प के साथ मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना कार्य की शुरुआत की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनगणना केवल जनसंख्या का आंकड़ा जुटाने की प्रक्रिया नहीं है, बल्कि यह समग्र और समावेशी विकास की मजबूत नींव है। उन्होंने कहा कि आज का युग डेटा-आधारित निर्णयों का है, और जनगणना से प्राप्त सटीक आंकड़े शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा और आधारभूत ढांचे के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने आमजन से अपील की कि वे जनगणना में सक्रिय सहभागिता करें और अपनी सही जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि योजनाओं का लाभ हर जरूरतमंद तक पहुंच सके।

डिजिटल और समावेशी जनगणना की शुरुआत

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में इस बार देश में पहली डिजिटल जनगणना की जा रही है। प्रथम चरण में मकान सूचीकरण और गणना कार्य किया जा रहा है, जबकि आम नागरिकों को 07 मई से 21 मई, 2026 तक स्वगणना का विकल्प भी उपलब्ध रहेगा।

उन्होंने बताया कि इस बार जनगणना में जातीय गणना को भी शामिल किया गया है और पहली बार वन ग्रामों को भी प्रक्रिया में जोड़ा गया है।

बड़े स्तर पर होगा कार्यान्वयन

मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि उत्तर प्रदेश में यह कार्य 18 मंडलों, 75 जनपदों, 350 तहसीलों, 17 नगर निगमों, 745 नगरीय निकायों और 57,694 ग्राम पंचायतों में संपन्न होगा। लगभग 5.47 लाख कार्मिक इस कार्य में लगाए गए हैं, जिनमें प्रगणक, सुपरवाइजर और अधिकारी शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि पूरी प्रक्रिया को डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से पारदर्शी और प्रभावी बनाया गया है, जिसकी सतत निगरानी एक विशेष पोर्टल के जरिए की जाएगी।

मुख्यमंत्री की अपील

मुख्यमंत्री ने जनगणना को राष्ट्रीय दायित्व बताते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक केवल एक स्थान पर सही जानकारी दे और इस प्रक्रिया में सहयोग करे। उन्होंने सभी कार्मिकों और नागरिकों को इस महत्वपूर्ण कार्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

RELATED ARTICLES

Most Popular