लखनऊ में राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से गुरुवार को जिला न्यायालय परिसर में विशेष फ्लैग-ऑफ कार्यक्रम आयोजित किया गया। लखनऊ पुलिस और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) के संयुक्त अभियान के तहत पीआरवी वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया, जो शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक लोगों को निशुल्क विधिक सहायता और लोक अदालत की जानकारी देंगे।
कार्यक्रम का शुभारंभ जनपद न्यायाधीश एवं डीएलएसए अध्यक्ष मलखान सिंह ने किया। इस दौरान अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं नोडल अधिकारी राष्ट्रीय लोक अदालत प्रकाश तिवारी, सिविल जज (सीडी) एवं सचिव डीएलएसए कुंवर मित्रेश सिंह कुशवाहा, एडीसीपी (क्राइम) एवं नोडल अधिकारी लोक अदालत किरन यादव (आईपीएस) सहित कई न्यायिक और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से बैंक ऋण, पारिवारिक विवाद, मोटर दुर्घटना दावा, श्रम विवाद, बिजली-पानी बिल समेत कई मामलों का त्वरित, सरल और कम खर्च में निस्तारण संभव है। अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों तक लोक अदालत की उपयोगिता और कानूनी सहायता योजनाओं की जानकारी पहुंचाना है।
फ्लैग-ऑफ के बाद रवाना हुई पीआरवी टीमें गांवों, मलिन बस्तियों और दूरदराज इलाकों में विशेष विधिक जागरूकता अभियान चलाएंगी। इस दौरान पंपलेट वितरण, जनसंवाद और सार्वजनिक उद्घोषणाओं के जरिए लोगों को उनके कानूनी अधिकारों और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। विशेष रूप से महिलाओं, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों, श्रमिकों और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को निशुल्क विधिक सहायता के बारे में जागरूक किया जाएगा।
अधिकारियों ने कहा कि यह अभियान केवल कानूनी जानकारी देने तक सीमित नहीं है, बल्कि आमजन में न्याय व्यवस्था के प्रति विश्वास मजबूत करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल है।
