उत्तर प्रदेश में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में Yogi Adityanath सरकार लगातार नए आयाम स्थापित कर रही है। प्रदेश के विश्वविद्यालय जहां पहले नैक (NAAC) की बी और बी-प्लस श्रेणी तक सीमित थे, वहीं अब कई विश्वविद्यालय ए++, ए+ और ए ग्रेड हासिल कर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बना चुके हैं।
सरकार की नीतियों, बेहतर शैक्षणिक वातावरण और गुणवत्ता सुधार की पहल का असर अब स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है। प्रदेश के विश्वविद्यालय शिक्षा, शोध, डिजिटल सुविधाओं और अकादमिक उत्कृष्टता के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।
अब सरकार का अगला लक्ष्य प्रदेश के डिग्री कॉलेजों को भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की रैंकिंग दिलाना है। इसके लिए उच्च शिक्षा विभाग द्वारा कॉलेजों में गुणवत्ता सुधार, इंफ्रास्ट्रक्चर विकास, शोध गतिविधियों को बढ़ावा देने और आधुनिक शिक्षण व्यवस्था लागू करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
डिग्री कॉलेजों के प्राचार्यों और शिक्षकों के लिए कार्यशालाओं का आयोजन कर उन्हें नैक मूल्यांकन, एनआईआरएफ रैंकिंग और गुणवत्ता मानकों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। सरकार का मानना है कि यदि विश्वविद्यालयों की तरह कॉलेजों में भी प्रतिस्पर्धात्मक माहौल तैयार किया जाए, तो प्रदेश के छात्र राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर पर बेहतर अवसर प्राप्त कर सकेंगे।
योगी सरकार की इस पहल को प्रदेश की उच्च शिक्षा व्यवस्था में बड़े बदलाव के रूप में देखा जा रहा है, जिससे आने वाले वर्षों में उत्तर प्रदेश देश के अग्रणी शिक्षा केंद्रों में शामिल हो सकता है।
