उज्जैन में भीषण गर्मी के बीच लोगों को राहत देने के लिए एक अनोखी पहल शुरू की गई है। सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के तहत एमपी एग्रो ने सोलर ऊर्जा से चलने वाला विशेष पानी टैंकर तैयार किया है, जो बिना बिजली के लोगों को शुद्ध और ठंडा पेयजल उपलब्ध करा रहा है। शहर के व्यस्त कोठी रोड पर परीक्षण के तौर पर लगाए गए इस टैंकर से राहगीरों को तपती गर्मी में बड़ी राहत मिल रही है।
इस खास टैंकर की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यह पूरी तरह सौर ऊर्जा से संचालित होता है। इसमें 535 वॉट का सोलर पैनल लगाया गया है, जिससे आरओ प्लांट और चिलर सिस्टम लगातार चलते रहते हैं। धूप जितनी तेज होती है, यह टैंकर उतनी ही बेहतर क्षमता से काम करता है। भीषण गर्मी में लोगों को निशुल्क ठंडा पानी उपलब्ध कराने के साथ यह पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दे रहा है।
एमपी एग्रो उज्जैन संभाग के क्षेत्रीय प्रबंधक पवन परमार ने बताया कि करीब 4 लाख रुपये की लागत से तैयार किया गया यह टैंकर जल आपूर्ति के क्षेत्र में नई मिसाल बन रहा है। यह पहल बिजली की बचत करने के साथ स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग को भी बढ़ावा दे रही है। उज्जैनवासी इस आधुनिक तकनीक की जमकर सराहना कर रहे हैं और इसे गर्मी में राहत देने वाली बड़ी सुविधा मान रहे हैं।
