राजधानी लखनऊ में अवैध ब्लड कारोबार को लेकर गंभीर आरोप सामने आए हैं। आरोप है कि चौक, दुबग्गा और आसपास के कई इलाकों में ब्लड बैंक की आड़ में खून का काला कारोबार चल रहा है। स्थानीय स्तर पर यह भी दावा किया जा रहा है कि इस पूरे नेटवर्क में कुछ अधिकारियों और कर्मचारियों की मिलीभगत से अवैध गतिविधियां संचालित हो रही हैं।
सूत्रों के मुताबिक, आर्थिक रूप से कमजोर लोगों से 1500 से 5000 रुपये तक में ब्लड लिया जाता है और बाद में उसी ब्लड को निजी अस्पतालों और बाजार में ऊंची कीमत पर सप्लाई किया जाता है। आरोप यह भी हैं कि कुछ ब्लड बैंक नियमों की अनदेखी कर अवैध तरीके से रक्त संग्रह और सप्लाई का काम कर रहे हैं।
मामले में दुबग्गा क्षेत्र के एक ब्लड बैंक का नाम भी सामने आ रहा है, जहां कथित रूप से बड़े स्तर पर अवैध गतिविधियां संचालित होने की बात कही जा रही है। हालांकि, अभी तक प्रशासन या स्वास्थ्य विभाग की ओर से इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
स्थानीय लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, शाम तक कथित तौर पर इस पूरे मामले से जुड़ा वीडियो सामने आने की भी चर्चा है, जिसके बाद प्रशासनिक कार्रवाई तेज हो सकती है।
