Homeदेश विदेशपेपर लीक के बाद बड़ा बदलाव, अब CBT मोड में होगा NEET-UG...

पेपर लीक के बाद बड़ा बदलाव, अब CBT मोड में होगा NEET-UG एग्जाम

राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET-UG की नई तारीख घोषित कर दी है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री Dharmendra Pradhan ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि अब NEET-UG की पुन: परीक्षा 21 जून को आयोजित की जाएगी। पेपर लीक के आरोपों और देशभर में छात्रों के विरोध के बाद केंद्र सरकार ने यह बड़ा फैसला लिया है।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि सरकार के लिए छात्रों का भविष्य सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी मेधावी छात्र के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि परीक्षा तीन मई को हुई थी, लेकिन सात मई तक NTA के शिकायत पोर्टल पर कई आपत्तियां आने लगी थीं। शिकायतों में कहा गया था कि कथित ‘गेस पेपर’ के कई सवाल मुख्य प्रश्नपत्र से मेल खा रहे थे।

मामले की गंभीरता को देखते हुए NTA, उच्च शिक्षा विभाग और केंद्र सरकार ने तुरंत जांच शुरू की। शुरुआती जांच में मामला दो-तीन राज्यों से जुड़ा मिला, जिसके बाद संबंधित राज्यों की एजेंसियों के साथ समन्वय कर जांच आगे बढ़ाई गई।

धर्मेंद्र प्रधान ने बताया कि 8 से 11 मई तक चली जांच में यह साफ हो गया कि ‘गेस पेपर’ के नाम पर वास्तव में पेपर लीक हुआ था। इसके बाद 12 मई को परीक्षा रद्द करने का निर्णय लिया गया ताकि किसी अयोग्य उम्मीदवार को अनुचित लाभ न मिल सके।

सरकार ने पूरे मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को सौंप दी है। शिक्षा मंत्री ने कहा कि NTA के भीतर या बाहर, जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों और शिक्षा माफियाओं को भी चेतावनी दी।

मंत्री ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की कि वे बिना किसी डर के दोबारा परीक्षा में शामिल हों। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसी भी मेधावी छात्र का भविष्य शिक्षा माफिया की वजह से प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा।

परीक्षा व्यवस्था को लेकर उन्होंने कहा कि कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) मोड, OMR आधारित परीक्षा से अधिक सुरक्षित है। हालांकि साइबर अपराध चुनौती है, लेकिन देश की संस्थाओं पर भरोसा बनाए रखना जरूरी है।

NTA के अनुसार, छात्रों को परीक्षा शहर चुनने के लिए एक सप्ताह का समय दिया जाएगा। वहीं, सभी अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड 14 जून तक जारी कर दिए जाएंगे।

RELATED ARTICLES

Most Popular