Varanasi में आंधी और बारिश से मिली राहत अब खत्म होती दिख रही है। शुक्रवार सुबह से तेज धूप और उमस भरी गर्मी ने लोगों को फिर परेशान करना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग ने 16 से 19 मई तक लू चलने की चेतावनी जारी की है। अगले छह से सात दिनों में तापमान 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई गई है।
यूपी आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र ने काशी समेत पूर्वांचल के कई जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। वरिष्ठ मौसम विज्ञानी Atul Kumar Singh के अनुसार, एक-दो दिनों में वाराणसी लू की चपेट में आ सकता है और तापमान में 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है।
बृहस्पतिवार को जिले का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन में करीब 11 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं, जबकि नमी 60 फीसदी से अधिक रही।
मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक 20 मई तक अधिकतम तापमान 47 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इसके चलते लोगों को दोपहर के समय विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
वहीं बुधवार को आई आंधी के बाद जिला प्रशासन ने नुकसान का आकलन कराया। रिपोर्ट के अनुसार एक व्यक्ति घायल हुआ, छह पशुओं की मौत हुई और 14 मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं। इसके अलावा चार पशुबाड़ों को भी नुकसान पहुंचा है।
