16 मई को पड़ रही शनि अमावस्या इस बार कई मायनों में खास मानी जा रही है। ज्येष्ठ अमावस्या के दिन ही शनि जयंती और वट सावित्री व्रत का संयोग बनने से इसका धार्मिक महत्व और बढ़ गया है। ज्योतिष मान्यताओं के अनुसार इस दिन मिलने वाले कुछ विशेष संकेत जीवन में सकारात्मक बदलाव, धन लाभ और सफलता के संकेत माने जाते हैं।
मान्यता है कि यदि शनि अमावस्या के दिन या रात में काला कुत्ता दिखाई दे या वह घर के आसपास आकर पूंछ हिलाए, तो यह शनिदेव की कृपा का संकेत माना जाता है। ऐसे में व्यक्ति को आर्थिक लाभ मिलने और कर्ज से राहत मिलने की संभावना बढ़ती है। इस दौरान कुत्ते को रोटी या दूध खिलाना शुभ माना गया है।
इसी तरह काली चींटियों का झुंड दिखाई देना भी शुभ संकेत माना जाता है। ज्योतिष के अनुसार शनि अमावस्या पर काली चींटियां दिखने से अचानक धन लाभ और कार्यों में सफलता मिलने के योग बनते हैं। चींटियों को आटा और शक्कर डालना लाभकारी माना गया है।
यदि शनि अमावस्या की रात सपने में शनि मंदिर, पीपल का पेड़, कौवा या भैंस जैसे काले पशु-पक्षी दिखाई दें, तो इसे रुके हुए कार्य पूरे होने और बड़े सपनों के साकार होने का संकेत माना जाता है। वहीं अचानक अच्छी खबर मिलना या अटका हुआ पैसा वापस मिलना भी शनि कृपा का प्रतीक बताया गया है।
ज्योतिष मान्यताओं के अनुसार यदि इस दिन बिना किसी कारण मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा महसूस हो, तो यह संकेत हो सकता है कि कुंडली में शनि के अशुभ प्रभाव कम हो रहे हैं।
शनि अमावस्या पर शनि मंदिर में जाकर या पीपल के पेड़ के नीचे सरसों के तेल का दीपक जलाने की सलाह दी जाती है। इसके अलावा जरूरतमंद लोगों को काले तिल, उड़द दाल, तेल या भोजन का दान करना भी शुभ माना गया है।
