Bollywood फिल्मों का युवाओं पर असर किस कदर पड़ सकता है, इसका एक चौंकाने वाला मामला बरेली में सामने आया है। फिल्म ‘शूटआउट एट लोखंडवाला’ के कुख्यात किरदार माया भाई से प्रभावित होकर इलाके में अपना दबदबा और खौफ कायम करने का सपना देख रहे युवक को कैंट थाना पुलिस ने अवैध तमंचे और कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी खुद को गैंगस्टर की तरह पेश करना चाहता था और लोगों में डर पैदा करने के लिए हथियार लेकर घूम रहा था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
मुखबिर की सूचना पर हरकत में आई पुलिस
कैंट थाना प्रभारी संजय धीर ने बताया कि पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि एक युवक अवैध तमंचे के साथ क्षेत्र में घूम रहा है और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम को सक्रिय किया गया। दरोगा राजीव पटेल के नेतृत्व में पुलिस ने कठपुला पुल के पास घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।
तलाशी लेने पर उसके पास से एक अवैध तमंचा और कारतूस बरामद हुआ। पूछताछ में युवक ने अपनी पहचान सदर कैंट के यादव मोहल्ला निवासी 24 वर्षीय मुकुल यादव के रूप में बताई।
फिल्मी गैंगस्टर बनने का था सपना
पुलिस पूछताछ में मुकुल यादव ने जो खुलासा किया, उसने पुलिस अधिकारियों को भी चौंका दिया। आरोपी ने बताया कि वह बॉलीवुड फिल्म ‘शूटआउट एट लोखंडवाला’ कई बार देख चुका है और फिल्म में दिखाए गए माया भाई के किरदार से बेहद प्रभावित था।
मुकुल ने पुलिस को बताया कि वह भी उसी तरह इलाके में अपनी अलग पहचान बनाना चाहता था। लोगों में डर और दबदबा कायम करने के लिए उसने अवैध तमंचा रखा हुआ था। आरोपी ने माना कि वह खुद को गैंगस्टर की तरह पेश करने की कोशिश कर रहा था ताकि इलाके में उसका खौफ बने।
सोशल मीडिया और फिल्मों का बढ़ता प्रभाव
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आजकल कई युवा फिल्मों और सोशल मीडिया पर दिखाए जाने वाले गैंगस्टर कल्चर से प्रभावित होकर अपराध की राह पकड़ लेते हैं। फिल्मों में अपराधियों को स्टाइल और रौब के साथ दिखाए जाने का असर युवाओं की मानसिकता पर पड़ रहा है।
विशेषज्ञों का मानना है कि अपराध और गैंगस्टर की चमक-दमक दिखाने वाली फिल्मों को केवल मनोरंजन के नजरिए से देखना चाहिए, लेकिन कुछ युवा इसे वास्तविक जिंदगी में अपनाने की कोशिश करने लगते हैं, जो समाज और उनके भविष्य दोनों के लिए खतरनाक साबित होता है।
आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच
कैंट थाना पुलिस अब मुकुल यादव के पुराने रिकॉर्ड और उसके संपर्कों की भी जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने तमंचा कहां से खरीदा और क्या उसका किसी आपराधिक गिरोह से कोई संबंध है।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध हथियार रखने वालों और अपराध का माहौल बनाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
