Adani Group के चेयरमैन Gautam Adani ने बिहार के मस्तीचक में ग्रामीण क्षेत्रों के लिए 150 करोड़ रुपये की बड़ी नेत्र स्वास्थ्य सेवा परियोजना की शुरुआत की है। इस पहल का उद्देश्य गांवों और दूरदराज इलाकों में सस्ती और बेहतर आंखों के इलाज की सुविधा उपलब्ध कराना है।
भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान गौतम अदाणी ने कहा कि “सेवा ही साधना है” केवल नारा नहीं, बल्कि मानवता की सेवा का संकल्प है। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति की आंखों की रोशनी लौटाना उसके जीवन में उम्मीद, आत्मविश्वास और सम्मान वापस लाने जैसा है।
इस परियोजना के तहत मस्तीचक में अदाणी सेंटर फॉर आई (ACE) और अदाणी ट्रेनिंग इन ऑप्थैल्मिक मेडिसिन (ATOM) की स्थापना की जाएगी। इस पहल से हर साल करीब 3.3 लाख आंखों की सर्जरी संभव हो सकेगी, जबकि 1,000 हेल्थ प्रोफेशनल्स को नेत्र चिकित्सा की ट्रेनिंग भी दी जाएगी।
Adani Foundation और Akhand Jyoti Eye Hospital के सहयोग से शुरू हो रही यह परियोजना दुनिया के सबसे बड़े ग्रामीण नेत्र चिकित्सा नेटवर्क में शामिल हो सकती है। कार्यक्रम के दौरान 10 एंबुलेंस को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया, जिससे दूरदराज गांवों तक आंखों के इलाज की सुविधा पहुंचाई जाएगी।
इस मौके पर अदाणी फाउंडेशन की चेयरपर्सन Dr. Priti Adani और अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल के सह-संस्थापक मृत्युंजय तिवारी भी मौजूद रहे। मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि यह साझेदारी केवल अस्पताल निर्माण तक सीमित नहीं, बल्कि वंचित लोगों तक सम्मान, अवसर और उम्मीद पहुंचाने का मिशन है।
अदाणी ग्रुप ने भागलपुर जिले के पीरपैंती में 200 बेड वाले अस्पताल की स्थापना की भी घोषणा की है। वहीं देशभर में नेत्र स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए गौतम अदाणी ने 500 करोड़ रुपये की व्यक्तिगत प्रतिबद्धता जताई है। इस तरह कुल निवेश 700 करोड़ रुपये से अधिक का होगा।
अदाणी समूह बिहार में पहले ही करीब 40 हजार करोड़ रुपये के निवेश की प्रतिबद्धता जता चुका है। इसमें पीरपैंती में 2400 मेगावाट का अल्ट्रा-सुपरक्रिटिकल थर्मल पावर प्लांट, सिटी गैस नेटवर्क, स्मार्ट मीटर परियोजना और सीमेंट यूनिट विस्तार जैसी कई बड़ी परियोजनाएं शामिल हैं।
