लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी इलाके में सगाई के महज चार दिन बाद एक युवती की हत्या से सनसनी फैल गई। युवती रविवार को घर से ऑफिस जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। सोमवार सुबह उसका शव इलाके के जंगल में मिलने से हड़कंप मच गया। राहगीरों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की।
पुलिस की शुरुआती जांच में हत्या के बाद शव जंगल में फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर पहचान की कोशिश की जा रही थी। इसी दौरान दोपहर में जब परिजन गुमशुदगी दर्ज कराने थाने पहुंचे, तो पुलिस ने उन्हें शव की तस्वीर दिखाई। मां ने तस्वीर देखकर शव की पहचान अपनी बेटी शिवानी सिंह (22) के रूप में की।

परिजनों के मुताबिक, शिवानी की 14 मई को प्रकाश नाम के युवक से सगाई हुई थी और घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। शिवानी अपने माता-पिता और छोटी बहन के साथ एल्डिको उद्यान के रक्षा खंड में किराए के मकान में रहती थी। परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है। मां गीता सिंह घरों में काम करती हैं, जबकि पिता दीपू शटरिंग का काम करते हैं।
मां गीता सिंह ने बताया कि शिवानी एक रियल एस्टेट कंपनी में काम करती थी। रविवार सुबह वह ऑफिस जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटी। काफी तलाश के बाद जब परिवार पुलिस के पास पहुंचा, तब बेटी की मौत की जानकारी मिली।

घटना की सूचना मिलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस अब मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।
डीसीपी साउथ अमित कुमार आनंद ने बताया कि पुलिस कॉल डिटेल, सीसीटीवी फुटेज और युवती की आखिरी लोकेशन के आधार पर जांच कर रही है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह साफ नहीं हो सकी है, लेकिन पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
