Homeउत्तर प्रदेशदहेज के लिए हत्या का आरोप, फॉर्च्यूनर और 50 लाख न मिलने...

दहेज के लिए हत्या का आरोप, फॉर्च्यूनर और 50 लाख न मिलने पर विवाहिता को तीसरी मंजिल से फेंका

ग्रेटर नोएडा के जलपुरा इलाके में दहेज हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि फॉर्च्यूनर कार और 50 लाख रुपये की मांग पूरी न होने पर विवाहिता दीपिका नागर की हत्या कर उसे तीसरी मंजिल से फेंक दिया गया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों ने ससुराल पक्ष पर लगातार दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है।

परिवार के मुताबिक, दीपिका ने पोस्ट ग्रेजुएशन किया था और गांव की सबसे सुंदर लड़कियों में उसकी गिनती होती थी। उसके पिता संजय ने बेटी की शादी में एक करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए थे। बावजूद इसके ससुराल वाले दहेज से संतुष्ट नहीं थे और लगातार फॉर्च्यूनर कार व नकदी की मांग कर रहे थे।

मृतका के शरीर पर 30 से ज्यादा चोटों के निशान मिले हैं। पुलिस ने पति रितिक, सास-ससुर समेत सात लोगों के खिलाफ दहेज हत्या और अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी पति रितिक और उसके पिता मनोज को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।

परिजनों ने बताया कि दीपिका की शादी 11 दिसंबर 2024 को जलपुरा निवासी रितिक के साथ हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद से ही पति रितिक, ससुर मनोज, सास पूनम, ननद नेहा और तन्नी, चचिया ससुर प्रमोद और विनोद दहेज को लेकर प्रताड़ित करने लगे थे।

17 मई को दीपिका ने अपने पिता को फोन कर बताया था कि उसके साथ मारपीट की जा रही है और दहेज की मांग की जा रही है। इसके बाद पिता संजय अपने रिश्तेदार बाबू प्रधान के साथ बेटी के ससुराल पहुंचे और दोनों पक्षों को समझाकर वापस लौट आए। लेकिन कुछ घंटे बाद ही रात करीब 12:30 बजे समधी मनोज का फोन आया कि दीपिका सीढ़ियों से गिर गई है।

जब परिजन शारदा अस्पताल पहुंचे तो दीपिका मृत मिली। उसके शरीर पर गंभीर चोटों के कई निशान थे। परिजनों का आरोप है कि दीपिका की हत्या कर उसे ऊपर से फेंका गया।

परिवार ने आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है। मृतका की मां और चाची ने कहा कि आरोपियों को भी उसी तरह तड़पा-तड़पा कर सजा मिलनी चाहिए, जैसे उनकी बेटी ने दर्द सहा।

RELATED ARTICLES

Most Popular