Homeनई दिल्लीमौलाना अरशद मदनी की मांग- गाय को घोषित किया जाए राष्ट्रीय पशु

मौलाना अरशद मदनी की मांग- गाय को घोषित किया जाए राष्ट्रीय पशु

नई दिल्ली। जमीयत उलेमा-ए-हिंद (AM) के प्रमुख मौलाना अरशद मदनी ने केंद्र सरकार से गाय को ‘राष्ट्रीय पशु’ घोषित करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि ऐसा किए जाने से गाय के नाम पर होने वाली मॉब लिंचिंग और हिंसा की घटनाओं पर रोक लग सकती है।

संगठन की ओर से जारी बयान में मदनी ने कहा कि देश की बहुसंख्यक आबादी गाय को पवित्र मानती है और उसे मां का दर्जा देती है। ऐसे में सरकार को गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने में कोई हिचक नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर ऐसी कौन-सी राजनीतिक मजबूरी है, जिसकी वजह से सरकार इस कदम से बच रही है।

मौलाना मदनी ने आरोप लगाया कि कुछ लोग गाय के मुद्दे का इस्तेमाल राजनीतिक लाभ के लिए करते हैं। उनके मुताबिक चुनाव के समय भावनात्मक मुद्दों को उछालकर लोगों को भड़काया जाता है और मुसलमानों के खिलाफ माहौल बनाने की कोशिश की जाती है।

उन्होंने कहा कि गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित किए जाने पर मुस्लिम समुदाय को कोई आपत्ति नहीं है। बल्कि, यदि इस संबंध में सख्त कानून बनाया जाता है तो मुस्लिम समाज उसका स्वागत करेगा। उनका मानना है कि इससे गाय के नाम पर होने वाली हिंसा और मॉब लिंचिंग की घटनाएं कम होंगी।

मदनी ने यह भी कहा कि कई साधु-संत भी लंबे समय से गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग करते रहे हैं। इसके बावजूद यदि सरकार इस मुद्दे पर गंभीरता नहीं दिखा रही है, तो इस पर सवाल उठना स्वाभाविक है।

उन्होंने दावा किया कि कई बार गोकशी या पशु तस्करी की अफवाह फैलाकर निर्दोष लोगों को हिंसा का शिकार बनाया जाता है। साथ ही उन्होंने कहा कि उनका संगठन हर साल बकरीद के मौके पर मुसलमानों से प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी न करने की अपील करता है, क्योंकि इस्लाम दूसरे धर्मों की भावनाओं को आहत करने की अनुमति नहीं देता।

मौलाना मदनी ने मांग की कि गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित कर इस पूरे विवाद को समाप्त किया जाए और इस संबंध में बनाए जाने वाले कानून को देशभर में समान रूप से लागू किया जाए।

RELATED ARTICLES

Most Popular