महाराष्ट्र के बीड जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला अपने दो छोटे बच्चों को बस में छोड़कर प्रेमी के साथ फरार हो गई। घटना का खुलासा तब हुआ जब बस में सफर कर रहे दो बच्चे रोते हुए मिले और बस कंडक्टर की नजर उन पर पड़ी।
जानकारी के अनुसार, बच्चों की तलाशी लेने पर उनकी जेब से एक पर्ची मिली, जिस पर एक मोबाइल नंबर लिखा था। पर्ची में लिखा था कि इन बच्चों का कोई माता-पिता नहीं है और इन्हें यवतमाल जाने वाली बस में बैठा दिया जाए। इस संदेश को देखकर बस कर्मचारियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
पुलिस जांच में सामने आया कि बच्चों की मां ही उन्हें बस में छोड़कर अपने प्रेमी के साथ फरार हुई थी। शुरुआती जांच के मुताबिक महिला अपने पिता के घर से नकदी और स्कूटर लेकर भागी थी। बताया जा रहा है कि उसने बच्चों को पंढरपुर-संभाजीनगर बस में बैठाया और खुद प्रेमी के साथ चली गई।
यह पूरा मामला 30 अप्रैल को सामने आया था, जब यवतमाल निवासी एक बुजुर्ग व्यक्ति ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि उनकी बेटी घर से स्कूटर और कुछ नकदी लेकर लापता हो गई है। बाद में पुलिस जांच के दौरान पता चला कि बस में मिले दोनों बच्चे उसी महिला के बेटे-बेटी हैं।
पुलिस के मुताबिक जब बच्चों के नाना थाने पहुंचे, तो उन्होंने बच्चों से ज्यादा चोरी हुए पैसे और स्कूटर को लेकर चिंता जताई। इतना ही नहीं, उन्होंने बच्चों को अपने साथ ले जाने से भी इनकार कर दिया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दोनों बच्चों की देखभाल के लिए जरूरी व्यवस्था की जा रही है। इस घटना ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है और सोशल मीडिया पर भी इसे लेकर कई तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
