केंद्र सरकार के बाद अब Government of Uttar Pradesh ने भी राज्य के सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स को बड़ा तोहफा दिया है। योगी सरकार ने महंगाई भत्ते (DA) में 2 फीसदी की बढ़ोतरी का ऐलान किया है। इसके बाद उत्तर प्रदेश में सरकारी कर्मचारियों का DA 58 फीसदी से बढ़कर 60 फीसदी हो गया है।
इस फैसले से करीब 16 लाख सरकारी कर्मचारियों, शिक्षकों और पेंशनभोगियों को लाभ मिलेगा।
जून की सैलरी में मिलेगा फायदा
राज्य सरकार के फैसले के बाद कर्मचारियों को जून 2026 की सैलरी में बढ़े हुए DA का लाभ मिलेगा। वहीं यह बढ़ोतरी जनवरी 2026 से लागू मानी जाएगी। ऐसे में कर्मचारियों को जनवरी से अप्रैल 2026 तक के चार महीने का एरियर भी मिलेगा।
सरकार के मुताबिक एरियर की राशि कर्मचारियों के जनरल प्रोविडेंट फंड (GPF) खाते में जमा की जाएगी। मई महीने की बढ़ी हुई राशि जून की सैलरी के साथ मिलेगी।
कितनी बढ़ेगी सैलरी?
महंगाई भत्ता कर्मचारियों की बेसिक सैलरी के आधार पर तय होता है। जिस कर्मचारी की बेसिक सैलरी ज्यादा होगी, उसे बढ़े हुए DA का अधिक लाभ मिलेगा।
उदाहरण के तौर पर अगर किसी कर्मचारी की बेसिक सैलरी 30 हजार रुपये है, तो:
- पहले 58% DA के हिसाब से उसे 17,400 रुपये मिलते थे
- अब 60% DA के हिसाब से 18,000 रुपये मिलेंगे
यानी हर महीने 600 रुपये की अतिरिक्त बढ़ोतरी होगी। इस हिसाब से सालाना लाभ 7,200 रुपये तक पहुंच जाएगा।
पेंशनर्स को भी राहत
सरकारी कर्मचारियों के साथ-साथ पेंशनभोगियों की पेंशन में भी बढ़ोतरी होगी। सरकार के इस फैसले को बढ़ती महंगाई के बीच कर्मचारियों और रिटायर्ड कर्मियों के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है।
