HomeUncategorizedलखनऊ में भीषण गर्मी का कहर, 43°C पहुंचा पारा; चौराहों पर लगे...

लखनऊ में भीषण गर्मी का कहर, 43°C पहुंचा पारा; चौराहों पर लगे ग्रीन नेट

लखनऊ में भीषण गर्मी और लू का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। सोमवार को मौसम विभाग ने वार्म नाइट का अलर्ट जारी किया है, यानी रात में भी गर्म हवाएं चलने की संभावना बनी रहेगी। शहर का अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। रविवार को अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.4 डिग्री अधिक रहा।

तेज धूप और गर्म हवाओं से राहत देने के लिए Lucknow Traffic Police ने शहर के ज्यादा देर वेटिंग वाले चौराहों पर ग्रीन नेट लगवाए हैं। हजरतगंज समेत कई प्रमुख चौराहों पर लगाए गए इन नेट्स से ट्रैफिक सिग्नल पर रुकने वाले लोगों को सीधी धूप से राहत मिल रही है।

मौसम विभाग ने लोगों को सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। इस दौरान हीट स्ट्रोक, चक्कर, कमजोरी, सिरदर्द और शरीर में पानी की कमी जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और धूप में काम करने वाले मजदूरों को अधिक सतर्क रहने को कहा गया है।

इसी बीच बंथरा थाना क्षेत्र के औरावां गांव में भीषण गर्मी के बीच काम कर रहे मजदूर चंद्रशेखर (43) की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि काम के दौरान प्यास लगने पर उन्होंने पानी पिया, जिसके बाद अचानक सीने में दर्द उठा और वह बेहोश हो गए। साथी मजदूर उन्हें जुनाबगंज स्थित अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

मौसम वैज्ञानिकों ने इस साल मानसून सामान्य से कमजोर रहने की भी आशंका जताई है। विशेषज्ञों के अनुसार अल-नीनो जैसी परिस्थितियां बनने से उत्तर प्रदेश में सामान्य से कम बारिश हो सकती है, जिसका असर खेती और जल संसाधनों पर पड़ सकता है।

RELATED ARTICLES

Most Popular