HomeUncategorized28 मई को मनाई जाएगी बकरीद, लखनऊ में तैयारियां तेज; ईदगाहों में...

28 मई को मनाई जाएगी बकरीद, लखनऊ में तैयारियां तेज; ईदगाहों में नमाज, बाजारों में बढ़ी रौनक

लखनऊ में ईद-उल-अजहा (बकरीद) का पर्व 28 मई को मनाया जाएगा। त्योहार को लेकर मुस्लिम समुदाय में उत्साह बढ़ गया है और शहरभर में तैयारियां तेज हो गई हैं। बकरों की मंडियां सजने लगी हैं, जबकि मस्जिदों और ईदगाहों में साफ-सफाई व व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

मौलाना खालिद रशीद फिरंगी महली ने बताया कि ऐशबाग ईदगाह में बकरीद की नमाज 28 मई को सुबह 10 बजे अदा की जाएगी। उन्होंने लोगों से समय पर ईदगाह पहुंचने, प्रशासन के निर्देशों का पालन करने और सड़कों पर नमाज न पढ़ने की अपील की। साथ ही कुर्बानी के दौरान साफ-सफाई बनाए रखने और अवशेष खुले में न फेंकने की भी सलाह दी।

वहीं मौलाना कल्बे जवाद और मौलाना सैफ अब्बास नकवी ने भी 28 मई को बकरीद मनाए जाने की पुष्टि करते हुए धार्मिक परंपराओं के साथ प्रशासनिक नियमों का पालन करने पर जोर दिया।

दरगाह शाहमीना शाह में आयोजित पीस कमेटी की बैठक में भी लोगों से मस्जिद परिसरों में ही नमाज अदा करने और त्योहार को पारंपरिक व शांतिपूर्ण तरीके से मनाने की अपील की गई।

पुराने लखनऊ के चौक, नक्खास, अकबरी गेट और हुसैनाबाद इलाकों में त्योहार की रौनक साफ नजर आने लगी है। बाजारों में जमुनापारी और बरबरी नस्ल के बकरों की मांग बढ़ी हुई है। कई परिवार बच्चों की खुशी के लिए बकरों को खास नाम भी दे रहे हैं।

धर्म गुरुओं ने कहा कि बकरीद केवल कुर्बानी का पर्व नहीं, बल्कि त्याग, इंसानियत, भाईचारे और जरूरतमंदों तक खुशियां पहुंचाने का संदेश भी देती है।

RELATED ARTICLES

Most Popular