Homeउत्तर प्रदेशचारबाग स्टेशन हादसे पर रेलवे की सख्त कार्रवाई, ठेकेदार पर 50 लाख...

चारबाग स्टेशन हादसे पर रेलवे की सख्त कार्रवाई, ठेकेदार पर 50 लाख का जुर्माना

लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन पर यात्री शेड गिरने की घटना के बाद रेलवे प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए संबंधित ठेकेदार पर 50 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। इसके साथ ही निर्माण कार्य में लापरवाही बरतने के आरोप में तीन इंजीनियरों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। मामले की गहन जांच के लिए रेलवे मुख्यालय ने तीन वरिष्ठ अधिकारियों की उच्चस्तरीय समिति का गठन किया है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक जांच में निर्माण कार्य और निगरानी व्यवस्था में गंभीर खामियों के संकेत मिले हैं। इसी आधार पर जिम्मेदार अधिकारियों और एजेंसियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की गई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद और भी सख्त कदम उठाए जा सकते हैं।

पीएमसी टीम को हटाया गया

रेलवे ने घटना की जवाबदेही तय करते हुए प्रोजेक्ट मैनेजमेंट कंसल्टेंसी (PMC) टीम को तत्काल प्रभाव से कार्य से हटा दिया है। वहीं, रेल भूमि विकास प्राधिकरण (RLDA) के प्रोजेक्ट इंजीनियर को भी निलंबित कर दिया गया है।

इसके अलावा लखनऊ मंडल के प्रभारी वर्क्स सुपरवाइजर और सहायक अभियंता (एईएन) के खिलाफ भी निलंबन की कार्रवाई की गई है। रेलवे प्रशासन का कहना है कि जांच के दौरान यदि अन्य अधिकारियों या एजेंसियों की जिम्मेदारी सामने आती है तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

जांच करेगी हाईलेवल कमेटी

घटना की गंभीरता को देखते हुए रेलवे मुख्यालय ने तीन वरिष्ठ अधिकारियों की एक उच्चस्तरीय जांच समिति गठित की है। यह समिति हादसे के कारणों, निर्माण की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों के अनुपालन की विस्तृत समीक्षा करेगी।

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक समिति की रिपोर्ट के आधार पर दोषियों की जवाबदेही तय की जाएगी और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

प्लेटफॉर्म 4 और 5 बंद

हादसे के बाद एहतियातन चारबाग स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 4 और 5 को दोनों ओर से बंद कर दिया गया। इन प्लेटफॉर्मों से प्रतिदिन लगभग 40 से 42 ट्रेनों का संचालन होता है।

यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए रेलवे ने आम आवाजाही पर रोक लगा दी और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की अतिरिक्त तैनाती की गई। प्रभावित ट्रेनों को अन्य प्लेटफॉर्मों से संचालित किया गया। देर शाम तक मलबा हटाने और रेल मार्ग को पूरी तरह सुरक्षित बनाने का कार्य जारी रहा।

RELATED ARTICLES

Most Popular