लखनऊ। आम आदमी पार्टी (AAP) यूथ विंग उत्तर प्रदेश की संगठन नवनिर्माण बैठक शुक्रवार को लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता यूथ विंग के प्रदेश अध्यक्ष पंकज अवाना ने की। इस दौरान सर्वसम्मति से वासिफ़ इसरार को यूथ विंग का प्रदेश महासचिव नियुक्त किया गया।
बैठक में संगठन विस्तार, युवाओं से जुड़े मुद्दों और आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। साथ ही प्रदेशभर में संगठन को मजबूत करने तथा बेरोजगारी और पेपर लीक जैसे मुद्दों पर संघर्ष को तेज करने का संकल्प लिया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए पंकज अवाना ने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने और निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया सुनिश्चित करने में विफल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि NEET, SSC समेत 93 से अधिक प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक और धांधली के मामले सामने आए हैं, जिससे लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश का युवा रोजगार के लिए भटकने को मजबूर है। भर्ती परीक्षाओं में देरी और अनियमितताओं के कारण युवाओं का विश्वास टूट रहा है। वहीं बढ़ती महंगाई और बिजली दरों में संभावित वृद्धि से आम जनता और युवाओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ने की आशंका है।
नवनियुक्त प्रदेश महासचिव वासिफ़ इसरार ने पार्टी नेतृत्व और कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि यह उनके लिए सम्मान के साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी, पेपर लीक और भर्ती प्रक्रियाओं में अनियमितताओं जैसे मुद्दों पर आम आदमी पार्टी यूथ विंग लगातार युवाओं की आवाज़ उठाती रहेगी।
वासिफ़ इसरार ने बताया कि आने वाले समय में प्रदेश के सभी आठ प्रांतों में संगठन विस्तार अभियान चलाया जाएगा। गांव, कस्बों और शहरों तक संगठन को मजबूत कर अधिक से अधिक युवाओं को पार्टी से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
बैठक में अवध प्रांत अध्यक्ष विनय पटेल सहित मुकेश झा, राहुल यादव, अमर सिंह, युवराज सिंह, प्रकाश चौरसिया, आशुतोष मौर्य, संतोष यादव, ऋतिक, अरमान, विक्रम जादौन, वाशिम अहमद, कामरान, ऋतु, राज आर्य, राकेश और मंजूम खान समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
