Homeउत्तर प्रदेशलखनऊ में आज गरज-चमक के साथ बारिश के आसार, जून में बढ़...

लखनऊ में आज गरज-चमक के साथ बारिश के आसार, जून में बढ़ सकती है गर्मी और लू का असर

राजधानी लखनऊ में रविवार सुबह से मौसम साफ बना हुआ है, हालांकि दिन चढ़ने के साथ बादलों की आवाजाही बढ़ सकती है। मौसम विभाग के अनुसार दिन में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं भी चल सकती हैं, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।

मौसम विभाग ने आज अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया है। बीते शनिवार को शहर का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 6.1 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से करीब 1 डिग्री कम था। इस दौरान अधिकतम आर्द्रता 79 प्रतिशत और न्यूनतम आर्द्रता 47 प्रतिशत दर्ज की गई।

जून में बढ़ सकती है गर्मी

मौसम विभाग ने मानसून-2026 को लेकर जारी अपने दूसरे अपडेट में संकेत दिया है कि इस बार प्रदेश में सामान्य से कम बारिश हो सकती है। जून महीने की शुरुआत में भी लखनऊ समेत उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में वर्षा सामान्य से कम रहने और तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना जताई गई है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार प्रशांत महासागर में विकसित हो रही एल-निनो परिस्थितियां और हिंद महासागर की मौजूदा स्थिति मानसून को प्रभावित कर सकती हैं। इसके चलते पूरे मानसून सीजन के दौरान वर्षा में कमी देखने को मिल सकती है। यही वजह है कि जून महीने में लू चलने के दिनों की संख्या सामान्य से 2 से 3 दिन अधिक रहने का अनुमान है।

31 मई तक राहत के आसार

वर्तमान में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी वाली हवाओं के प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में 31 मई तक आंधी, बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है। मौसम विभाग ने कुछ क्षेत्रों में 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है, जबकि कुछ स्थानों पर हवा की गति 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

बारिश और तेज हवाओं के कारण प्रदेशभर में तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है और फिलहाल लू का प्रभाव समाप्त हो गया है। हालांकि मौसम साफ होने के बाद 1 जून से तापमान में फिर 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बावजूद जून के पहले सप्ताह में भीषण लू चलने की संभावना फिलहाल कम बताई जा रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular