Homeउत्तर प्रदेशयोगी सरकार की स्वास्थ्य समीक्षा मुहिम रंग लाई, 16 हजार से अधिक...

योगी सरकार की स्वास्थ्य समीक्षा मुहिम रंग लाई, 16 हजार से अधिक संस्थानों का हुआ निरीक्षण

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जनसुलभ बनाने के लिए “स्टेट रिव्यू मिशन” के माध्यम से व्यापक समीक्षा अभियान चला रही है। इस पहल के तहत प्रदेशभर के अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सुविधाओं की जमीनी स्थिति का आकलन किया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं की कमियों को दूर कर आम लोगों तक बेहतर चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाना है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप 29 अक्टूबर 2025 से शुरू किए गए इस मिशन के तहत बीते छह महीनों में प्रदेश के सभी 75 जिलों और 826 विकास खंडों में स्वास्थ्य संस्थानों का निरीक्षण किया गया है। चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के अनुसार, प्रदेश की कुल 33,044 स्वास्थ्य इकाइयों में से 16,249 इकाइयों का मूल्यांकन किया जा चुका है, जो कुल इकाइयों का लगभग 49 प्रतिशत है।

निरीक्षण कार्य राज्य और जिला स्तर के अधिकारियों की संयुक्त टीमों द्वारा किया गया। इस दौरान जिला अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों, विशेष चिकित्सालयों और मेडिकल कॉलेजों की व्यवस्थाओं का आकलन किया गया। साथ ही मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेलों का भी निरीक्षण किया गया, जहां ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को स्वास्थ्य जांच और उपचार की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की निदेशक एवं स्वास्थ्य सचिव डॉ. पिंकी जोवल ने बताया कि निरीक्षण के लिए विशेष “फैसिलिटी ऑब्जर्वेशन चेकलिस्ट” तैयार की गई है। इसके माध्यम से अस्पतालों में बुनियादी सुविधाओं, दवाओं और उपकरणों की उपलब्धता, मानव संसाधन, एंबुलेंस सेवाओं और रिकॉर्ड प्रबंधन की स्थिति का मूल्यांकन किया गया। मरीजों से फीडबैक लेकर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता का भी आकलन किया गया।

सरकार का कहना है कि लगातार निगरानी और समीक्षा के चलते स्वास्थ्य संस्थानों की कार्यक्षमता में सुधार आया है। विभिन्न स्वास्थ्य संकेतकों में सकारात्मक बदलाव देखने को मिले हैं और सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति लोगों का भरोसा भी मजबूत हुआ है। प्रदेश सरकार स्वास्थ्य ढांचे को और मजबूत बनाने तथा प्रत्येक नागरिक तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

 

RELATED ARTICLES

Most Popular