भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) रुड़की द्वारा रविवार देर रात JEE Advanced 2026 का परिणाम घोषित कर दिया गया। परीक्षा में लखनऊ के कई विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए आईआईटी में प्रवेश की राह आसान कर ली है।
राजधानी के छात्र ओजस सिंघल ने ऑल इंडिया रैंक (AIR) 5133 हासिल की है। उन्हें 360 में से 151 अंक प्राप्त हुए। इसके अलावा ऋषिथ राज रायजादा को AIR 5670, अभ्युदय सार्थक को 6143, अनुज जैन को 6968 तथा देवस्य बंसल को 11500वीं रैंक मिली है।
वहीं लखनऊ में रहकर तैयारी करने वाली अदिति वर्मा ने ओबीसी वर्ग में ऑल इंडिया रैंक 3867 तथा सामान्य वर्ग में 14909वीं रैंक हासिल कर सफलता प्राप्त की है।
ऋषिथ राज रायजादा ने बताया कि उन्होंने घंटों के हिसाब से नहीं बल्कि लक्ष्य तय कर पढ़ाई की। पिछले वर्षों के प्रश्नपत्र हल किए और करीब 30 मॉक टेस्ट देकर अपनी तैयारी को मजबूत बनाया। उनका लक्ष्य आईआईटी में बीटेक कर कोर इंजीनियरिंग क्षेत्र में करियर बनाना है
ओजस सिंघल ने बताया कि गणित उनका अपेक्षाकृत कमजोर विषय था, लेकिन उन्होंने फिजिक्स और केमिस्ट्री के साथ मैथ्स पर भी विशेष ध्यान दिया। लगातार अभ्यास, टेस्ट सीरीज और कोचिंग के सहयोग से उन्हें सफलता मिली। डॉक्टर माता-पिता के बावजूद उन्होंने इंजीनियरिंग को अपने करियर के रूप में चुना है।
अदिति वर्मा ने बताया कि 12वीं के बाद वह लखनऊ आकर JEE Main और Advanced की तैयारी में जुट गईं। कोचिंग में सुबह से रात तक पढ़ाई के बाद घर पर भी नियमित अभ्यास किया। उनका सपना एयरोस्पेस इंजीनियरिंग में बीटेक कर इस क्षेत्र में करियर बनाना है। रैंक के आधार पर उन्हें आईआईटी बॉम्बे या आईआईटी कानपुर में प्रवेश मिलने की उम्मीद है।
