Homeउत्तर प्रदेशजनता दर्शन में सीएम योगी ने सुनीं समस्याएं, अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण...

जनता दर्शन में सीएम योगी ने सुनीं समस्याएं, अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने फरियादियों से सीधे संवाद कर उनके प्रार्थना पत्र प्राप्त किए और संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से राजस्व और पुलिस विभाग से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान निर्धारित समयसीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि अनावश्यक विलंब की स्थिति में संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी।

जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री ने कुछ बच्चों और उनके अभिभावकों से भी बातचीत की। उन्होंने बच्चों की शिक्षा के बारे में जानकारी ली और अभिभावकों से उन्हें नियमित रूप से स्कूल भेजने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षित और जागरूक बच्चे ही सशक्त भारत के निर्माण की आधारशिला हैं।

राजस्व मामलों पर विशेष ध्यान देते हुए मुख्यमंत्री ने लंबित वादों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छह महीने से अधिक समय से लंबित मामलों की समीक्षा की जाए और बिना उचित कारण के लंबित पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति तक न्याय और सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी पात्र लोगों को बिना किसी भेदभाव के योजनाओं का लाभ मिले तथा जरूरतमंदों के इलाज और अन्य आवश्यक सहायता की समुचित व्यवस्था की जाए।

जनता दर्शन में हापुड़ से आई एक छात्रा ने अपने परिवार की आर्थिक स्थिति और पढ़ाई में आ रही कठिनाइयों की जानकारी मुख्यमंत्री को दी। छात्रा से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने उसे पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रोत्साहित करते हुए कहा, “तुम सिर्फ पढ़ाई करो, बाकी हम पर छोड़ दो।” उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए और अभिभावकों से बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की अपील की।

RELATED ARTICLES

Most Popular