उत्तर प्रदेश सरकार ने शिक्षा विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए अपर शिक्षा निदेशक स्तर के दो वरिष्ठ अधिकारियों के तबादले किए हैं। शासन के आदेश के अनुसार, प्रभारी शिक्षा निदेशक (बेसिक) के पद पर कार्यरत प्रताप सिंह बघेल को प्रभारी शिक्षा निदेशक (माध्यमिक) तथा उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद के सभापति का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है।
माध्यमिक शिक्षा निदेशक एवं परिषद के सभापति डॉ. महेंद्र देव का 31 मई को अंतिम कार्य दिवस था। उनके सेवानिवृत्त होने के बाद यह जिम्मेदारी प्रताप सिंह बघेल को दी गई है। वह प्रयागराज और लखनऊ से संचालित माध्यमिक शिक्षा निदेशालय के कार्यों का संचालन करेंगे।
विशेष सचिव शिक्षा कृष्ण कुमार गुप्ता द्वारा सोमवार को जारी आदेश में प्रताप सिंह बघेल की नई तैनाती की जानकारी दी गई। वहीं, उनके स्थान पर अनिल भूषण चतुर्वेदी को प्रभारी शिक्षा निदेशक (बेसिक) नियुक्त किया गया है। चतुर्वेदी इससे पहले प्रभारी निदेशक, साक्षरता एवं वैकल्पिक शिक्षा के पद पर कार्यरत थे।
शासन ने दोनों अधिकारियों को तत्काल अपने नए पदों का कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं। शिक्षा विभाग में हुए इस बदलाव को आगामी शैक्षिक सत्र और विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
