Homeउत्तर प्रदेशफाजिलनगर का नाम होगा पावागढ़, सीएम योगी का बड़ा ऐलान; 278 परियोजनाओं...

फाजिलनगर का नाम होगा पावागढ़, सीएम योगी का बड़ा ऐलान; 278 परियोजनाओं की दी सौगात

कुशीनगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कुशीनगर में 278 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने फाजिलनगर का नाम बदलकर ‘पावागढ़’ किए जाने का बड़ा ऐलान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि तमकुहीराज और पावा नगर की पवित्र भूमि पर आकर उन्हें विशेष प्रसन्नता हो रही है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर निर्माण के बाद यह उनका पहला दौरा है। कुशीनगर भगवान राम के पुत्र कुश, भगवान बुद्ध और भगवान महावीर की पावन स्मृतियों से जुड़ा क्षेत्र है, जिसकी ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत बेहद गौरवशाली है।

सीएम योगी ने प्रदेश की पूर्व स्थिति का उल्लेख करते हुए कहा कि करीब नौ-दस वर्ष पहले उत्तर प्रदेश पहचान और बीमारियों के संकट से जूझ रहा था। रेत, खनन और भूमि माफिया समेत विभिन्न आपराधिक तत्वों का आतंक था तथा कानून-व्यवस्था की स्थिति बेहद खराब थी। उन्होंने कहा कि उस समय ‘जंगल पार्टी’ का भय लोगों के मन में व्याप्त था।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार ने माफिया और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया है। उन्होंने कहा, “हमने उत्तर प्रदेश से माफिया को समाप्त किया है और मच्छरों को भी। मच्छर बीमारी लाते हैं और माफिया बेरोजगारी।” उन्होंने दावा किया कि आज प्रदेश में पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से युवाओं को रोजगार के अवसर मिल रहे हैं और कुशीनगर के युवा भी नियुक्ति पत्र प्राप्त कर रहे हैं।

अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने फाजिलनगर का नाम बदलकर ‘पावागढ़’ करने की घोषणा की, जिसे लेकर कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों ने उत्साह जताया।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विकास, सुरक्षा और रोजगार के क्षेत्र में लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है और कुशीनगर भी तेजी से विकास की नई पहचान बना रहा है।

RELATED ARTICLES

Most Popular