लखनऊ, 02 जून। प्रदेश के आर्थिक रूप से कमजोर और प्रतिभाशाली युवाओं को सिविल सेवा परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में योगी सरकार की निःशुल्क IAS/PCS कोचिंग योजना को अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित इस योजना के लिए बड़ी संख्या में अभ्यर्थी ऑनलाइन आवेदन कर रहे हैं।
सिविल सेवा परीक्षाओं की तैयारी के लिए निजी संस्थानों में भारी फीस देनी पड़ती है, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के छात्रों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में राज्य सरकार की यह पहल योग्य अभ्यर्थियों को गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन उपलब्ध कराने का महत्वपूर्ण माध्यम बन रही है।
समाज कल्याण विभाग के निदेशक संजीव सिंह के अनुसार, प्रदेश में इस योजना के तहत कुल 865 सीटों पर अभ्यर्थियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इनमें 25 प्रतिशत सीटें उन छात्रों के लिए आरक्षित हैं, जिन्होंने लेटरल एंट्री के माध्यम से प्रारंभिक परीक्षा उत्तीर्ण कर ली है और मुख्य परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं।
विभागीय आंकड़ों के मुताबिक, 1 जून तक 5,513 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया है, जबकि 2,848 उम्मीदवारों ने आवेदन प्रक्रिया पूरी कर अंतिम रूप से आवेदन लॉक कर दिया है। आवेदन की अंतिम तिथि 18 जून निर्धारित की गई है, जबकि चयन परीक्षा का आयोजन 5 जुलाई को किया जाएगा।
समाज कल्याण विभाग मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में चयन प्रक्रिया और कोचिंग संचालन की तैयारियों में जुटा है। योजना के तहत चयनित अभ्यर्थियों को निःशुल्क कोचिंग, अध्ययन सामग्री और विशेषज्ञों का मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।
सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आर्थिक अभाव किसी भी प्रतिभाशाली छात्र के प्रशासनिक सेवा में जाने के सपने के आड़े न आए। यह योजना युवाओं को बेहतर अवसर देने के साथ-साथ प्रशासनिक सेवाओं में सामाजिक समावेशन को भी बढ़ावा दे रही है।
