HomeUncategorizedगोरखपुर को 208 करोड़ की सौगात, सीएम योगी ने 71 विकास परियोजनाओं...

गोरखपुर को 208 करोड़ की सौगात, सीएम योगी ने 71 विकास परियोजनाओं का किया लोकार्पण-शिलान्यास

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) क्षेत्र में 208 करोड़ रुपये की लागत से तैयार फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स, ईडब्ल्यूएस-एलआईजी आवासीय परिसर समेत 71 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने आवास एवं औद्योगिक भूखंड के लाभार्थियों को आवंटन पत्र तथा नाईलेट कौशल केंद्र से प्रशिक्षित छात्रों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि गोरखपुर और पूर्वी उत्तर प्रदेश में पहली बार फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स की शुरुआत की गई है। यह उन युवाओं के लिए बड़ा अवसर है, जिनके पास जमीन खरीदने और फैक्ट्री स्थापित करने के लिए पर्याप्त पूंजी नहीं है। उन्होंने बताया कि प्लग-एंड-प्ले मॉडल पर आधारित इस कॉम्प्लेक्स में रेडीमेड गारमेंट्स, इलेक्ट्रॉनिक्स और अन्य एमएसएमई इकाइयां स्थापित की जा सकेंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि एक ही परिसर में 100 से अधिक एमएसएमई उद्योग संचालित किए जा सकते हैं। इससे कम लागत में नए उद्योगों की स्थापना और रोजगार सृजन को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने इसे पूर्वांचल के औद्योगिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछले नौ वर्षों में गीडा क्षेत्र में तेजी से औद्योगिक विकास हुआ है। क्षेत्र में स्टील, पाइप, कपड़ा, पेय पदार्थ और अन्य उद्योग स्थापित हुए हैं। धुरियापार क्षेत्र में करीब 7000 एकड़ में गीडा का विस्तार किया जा रहा है, जहां सीमेंट, पेंट और सीएनजी से जुड़े उद्योग विकसित हो रहे हैं।

उन्होंने कहा कि गीडा में स्थापित नाईलेट कौशल केंद्र युवाओं को तकनीकी प्रशिक्षण प्रदान कर रहा है, जिससे उन्हें स्थानीय उद्योगों में रोजगार के अवसर मिल रहे हैं। वहीं, श्रमिकों और कर्मचारियों के लिए फैक्ट्रियों के पास सस्ते आवास की व्यवस्था भी की गई है। ईडब्ल्यूएस आवासीय परिसर में लगभग 100 परिवारों के रहने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सुरक्षा और सुशासन के बिना विकास संभव नहीं है। प्रदेश सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के कारण उत्तर प्रदेश निवेशकों की पसंद बनकर उभरा है। उन्होंने बताया कि राज्य को 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 15 लाख करोड़ रुपये के प्रस्ताव धरातल पर उतर चुके हैं। इससे लाखों युवाओं को रोजगार मिला है।

उन्होंने दावा किया कि प्रदेश सरकार अब तक नौ लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी उपलब्ध करा चुकी है। साथ ही एमएसएमई क्षेत्र को बढ़ावा देकर करोड़ों लोगों के लिए रोजगार के अवसर सृजित किए गए हैं।

कार्यक्रम में सांसद रवि किशन शुक्ल, जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular